दक्षिण भारत की मशहूर अभिनेत्री खुशबू कांग्रेस का दामन थामने जा रही है। सूत्रों की मानें तो आज शाम तक खुशबू के कांग्रेस में शामिल होने की आधिकारिक घोषणा की जा सकती है।

आपको बता दें कि खुशबू तकरीबन 6 महीने पहले तक डीएमके पार्टी से जुड़ीं थीं। तमिलनाडु कांग्रेस अध्यक्ष इलांगोवन ने बताया कि वह दिल्ली में कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के समक्ष पार्टी में शामिल होंगी।

वहीं पार्टी सूत्रों का मानना है कि खुशबू के आने से कार्यकर्ताओं में उत्साह का संचार होगा।

अपने विवादास्पद बयानों के लिए कुख्यात खुशबू ने कुछ दिनों पहले पार्टी द्वारा दरकिनार किए जाने का आरोप लगाते हुए डीएमके छोड़ दिया था। वह मई 2010 में डीएमके में शामिल हुई थीं जब तमिलनाडु में उसकी सरकार थी।