कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी गुरुवार (20 जुलाई, 2022) को 11 बजे ईडी ऑफिस में पूछताछ के लिए पेश होंगी। उनके साथ विपक्ष और कांग्रेस के कई कद्दावर नेता ईडी ऑफिस तक जाएंगे। जिसको देखते हुए दिल्ली पुलिस भी एक्टिव हो गई। दिल्ली पुलिस ने अकबर रोड को अभी से पूरी तरह से सील कर दिया है।
राहुल गांधी की पेशी के समय भी दिल्ली पुलिस ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं को अकबर रोड तक जाने की इजाजत नहीं दी थी। इसके बाद काफी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता सड़कों पर उतर आए थे। इसी को ध्यान में रखते हुए दिल्ली पुलिस ने कांग्रेस कार्यालय की तरफ जाने वाले सभी रास्तों को पूरी तरह से बंद कर दिया है।
कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने कहा कि घिनौनी राजनीति देश में प्रवेश कर रही है। प्रतिद्वंद्वियों के खिलाफ एजेंसियों का ऐसा राजनीतिक दुरुपयोग पहले कभी नहीं देखा गया। पार्टी पूरे देश में प्रदर्शन करेगी और विरोध दर्ज कराएगी। कांग्रेस के शीर्ष नेताओं ने पार्टी के अंतरिम अध्यक्ष के साथ एकजुटता व्यक्त करने के लिए राष्ट्रीय राजधानी में एआईसीसी मुख्यालय में इकट्ठा होने की योजना बनाई है। वरिष्ठ सांसद मल्लिकार्जुन खड़गे के आवास पर शाम को एक बैठक हुई।
कांग्रेस के कार्यकर्ताओं और नेताओं ने तब भी विरोध किया था, जब उनके बेटे और पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी से इसी मामले में जून में एजेंसी ने पूछताछ की थी। राहुल से कई दिनों तक पूछताछ करने पर पार्टी सांसदों और मुख्यमंत्रियों सहित कई कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने गिरफ्तारी दी थी।
सूत्रों के हवाले से पीटीआई की एक रिपोर्ट में कहा गया है कि सांसदों सहित पार्टी के नेता ईडी कार्यालय की ओर मार्च करेंगे और दिल्ली कांग्रेस राष्ट्रीय राजधानी में राजभवन के बाहर विरोध मार्च करेगी। पार्टी ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर लिखा, “पूरा कांग्रेस परिवार अपनी अध्यक्ष सोनिया गांधी के साथ मजबूती से खड़ा है और कल पूरे देश में भाजपा के तानाशाही शासन के खिलाफ विरोध दर्ज कराया जाएगा।”
बता दें, नेशनल हेराल्ड मामले में कथित वित्तीय अनियमितता से जुड़े मामले में सोनिया गांधी से ईडी की टीम पूछताछ करेगी। नेशनल हेराल्ड केस में ईडी ने सोनिया गांधी और राहुल गांधी समेत कंपनी से जुड़े कई अन्य कांग्रेस नेताओं पर प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। इस मामले में राहुल गांधी से पहले ही पूछताछ हो चुकी है। गुरुवार को सोनिया गांधी से भी इस केस से जुड़े सवाल पूछे जाएंगे।
साल 2013 सुब्रमण्यम स्वामी ने दर्ज कराई थी शिकायत
भाजपा नेता सुब्रमण्यम स्वामी ने इस संबंध में 2013 में शिकायत दर्ज कराई थी। स्वामी ने सोनिया, राहुल और अन्य पर धोखाधड़ी की साजिश रचने एवं धन के गबन का आरोप लगाया था। स्वामी ने कहा था कि यंग इंडियन प्राइवेट लिमिटेड ने 90.25 करोड़ रुपए की वसूली का अधिकार प्राप्त करने के लिए केवल 50 लाख रुपए का भुगतान किया, जो एजेएल पर कांग्रेस का बकाया था।