कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी ने बुधवार को राज्यसभा के लिए नामांकन दाखिल कर दिया है। वह राजस्थान से राज्यसभा जाएंगी। इसके लिए वह सुबह दिल्ली से जयपुर के लिए रवाना हुईं। जयपुर में पार्टी नेताओं के साथ बैठक के बाद वह विधानसभा के लिए रवाना हुईं। उनके साथ कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी और महासचिव केसी वेणुगोपाल और प्रियंका गांधी भी मौजूद रहे। सोनिया गांधी के जयपुर आगमन को लेकर कांग्रेस ने अपने सभी विधायकों को जयपुर बुलाया है। राहुल गांधी भी छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में अपनी न्याय यात्रा को एक दिन का ब्रेक देकर जयपुर पहुंचे हैं।
क्या रहेगा कार्यक्रम?
जानकारी के मुताबिक सोनिया गांधी दोपहर 11.30 बजे नामांकन दाखिल किया। वह सुबह दिल्ली से जयपुर के रवाना हुईं। वह सीधे जयपुर विधानसभा पहुंचीं जहां विधायक उनके नामांकन पर दाखिल करेंगे। पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, पूर्व उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा और नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली प्रस्तावक बने। बता दें कि पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह राजस्थान से राज्यसभा सदस्य हैं। उनका कार्यकाल समाप्त हो रहा है। सोनिया गांधी उनकी जगह लेंगी।
कांग्रेस की एक सीट पक्की
संख्याबल के हिसाब से राजस्थान में बीजेपी की दो और कांग्रेस की एक सीट पक्की है। राजस्थान में कुल 3 सीटों के लिए चुनाव हो रहे हैं। राजस्थान में एक सीट के लिए 51 वोट चाहिए। जबकि कांग्रेस के पास 70 वोट है। ऐसे में सोनिया गांधी की जीत तय है। राज्यसभा की उम्मीदवारी के लिए कई स्वाभाविक रूप से दावेदार नेताओं की अनदेखी कर नेतृत्व के करीबी लोगों को टिकट देने की चर्चाओं से पार्टी में व्यापक अंदरूनी कशमकश चल रही है और ऐसे इस बार भी अनदेखी किए जाने पर विद्रोह की तैयारी में हैं। बता दें कि राज्यसभा की 56 सीटों के लिए हो रहे चुनाव में कांग्रेस को 10 सीटें मिलनी हैं। इसमें से तीन कर्नाटक, दो तेलंगाना और महाराष्ट्र, बिहार, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश व मध्य प्रदेश से एक-एक सीट मिलनी है।