चेन्नई के एक एक्टर इन दिनों सोशल मीडिया पर छाए हुए हैं। सोशल मीडिया पर उनके छाने की वजह भी काफी रोचक है। दरअसल चेन्नई के रहने वाले एक्टर सुंदर रामू सैंकड़ो बार अलग अलग महिलाओं के साथ डेट पर जाने की वजह से चर्चा में बने हुए हैं। सुंदर रामू अबतक करीब 335 महिलाओं के साथ डेट पर जा चुके हैं। 335 महिलाओं के साथ डेट पर जाने के बाद वह 30 और महिलाओं की तलाश कर रहे हैं ताकि वो अपने लक्ष्य को पा सकें। सुंदर का लक्ष्य 365 महिलाओं के साथ डेट पर जाना है।

335 महिलाओं के साथ डेट पर जा चुके तमिल अभिनेता सुंदर रामू का मकसद अपने लिए प्यार ढूंढना नहीं है बल्कि वे महिलाओं के अधिकार को लेकर जागरूकता लाने की कोशिशों के लिए ये करते हैं। डेट पर जाने की शुरुआत सुंदर ने साल 2015 में की थी। तब से लेकर अबतक वे सफाई कर्मचारी से लेकर बड़े पदों पर काम करने वाली महिलाओं और राजनेताओं के साथ भी डेट पर जा चुके हैं। इतना ही नहीं वे 105 साल की दादी के साथ भी डेट पर जा चुके हैं।

बीबीसी की रिपोर्ट के अनुसार सुंदर को महिलाओं के साथ डेट पर जाने का आईडिया साल 2012 में दिल्ली में हुए एक युवती के साथ गैंगरेप की वारदात के बाद आया था। बकौल सुंदर वे हमेशा सोचा करते थे कि समाज में महिलाओं के प्रति सोच में बदलाव लाने के लिए क्या किया जा सकता है। तभी उन्हें डेट का आईडिया आया। महिलाओं के साथ डेटिंग के पीछे सुंदर का असली उद्देश्य लैंगिक समानता लाना है।

सुंदर 1 जनवरी 2015 को पहली बार एक महिला के साथ डेट पर गए थे जो उनकी दोस्त ही थी। दरअसल 31 दिसंबर 2014 को सुंदर ने फेसबुक पर अपने इस 365 डेट के लक्ष्य की जानकारी दी। जिसके बाद उनकी एक दोस्त ने नए साल के मौके पर उन्हें खाने पर बुला लिया। उस दौरान उनकी कई महिलाओं से जान पहचान हुई और वे उनमें से कईयों के साथ डेट पर गए। लेकिन पहली बार सुंदर के इस अनोखे डेट प्रोजेक्ट की जानकारी तब लोगों के सामने आई जब वे अपने 10वें डेट पर गए। पहली बार सुंदर के इस डेट प्रोजेक्ट की जानकारी स्थानीय मीडिया के हवाले से आई थी।

इसके बाद सुंदर को सीरियल डेटर, डेटिंग किंग जैसे नाम दिए गए। अब तक सुंदर रामू ना सिर्फ भारतीय महिलाओं बल्कि कई देशों की महिलाओं के साथ भी डेट पर जा चुके हैं। इसमें श्रीलंका, थाईलैंड, फ़्रांस, अमेरिका, वियतनाम और स्पेन की महिलाएं भी शामिल हैं। साथ ही वे डेट के लिए कई देशों में भी गए हैं।