Shraddha Walkar Murder Case: श्रद्धा वालकर (Shraddha Walker) मर्डर केस को लेकर भोपाल से भाजपा (BJP) की सांसद साध्वी प्रज्ञा (Pragya Singh Thakur) का एक बयान सामने आया है। सांसद साध्वी प्रज्ञा ने कहा है कि देश में फैल रहा लव जिहाद (Love Jihad) का जहर हमारे लिए कलंक है इसको मिटाना और जागुरुकता लाना हम सब की जिम्मेदारी है क्यूंकी हिन्दू कभी भी इस तरह के काम नहीं करता है।
18 मई 2022 को आफताब पूनावाला (Aftab Poonawala) ने अपनी लिव-इन पार्टनर श्रद्धा वालकर (Shraddha Walker) की गला घोंटकर हत्या कर दी थी। जिसके बाद उसके शव के 35 टुकड़े किए और फिर तीन हफ्ते तक शव को फ्रिज में रखा था।
महिलाओं को जागरूक करने की जरूरत
सांसद प्रज्ञा सिंह ठाकुर (Pragya Singh Thakur) ने कहा कि हमें इससे जागरूक करने के लिए लड़कियों को यह बताना होगा कि आप हिन्दू हैं और हिंदुओं में विवाह कीजिए। यह लव जिहाद (Love Jihad) है इससे बचिए। सांसद ने आगे कहा कि हम एक संन्यासी हैं और हम जब प्रेम करते हैं तो पूरी तरह उसमें समर्पित हो जाते हैं। इसे प्रेम और समर्पण कहा जाता है। हम पूरी जिंदगी प्रभु के लिए लगा कर समर्पित कर देते हैं। लेकिन प्रेम की परिभाषा को लव जिहाद कर दिया गया है यह एक पाप है।
अशोक गहलोत (Ashok Gehlot) पर बोला हमला
भाजपा सांसद ने इस दौरान राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पर भी तीखा बयान दिया। साध्वी प्रज्ञा ने कहा कि अशोक गहलोत का बयान लड़कियों का अपमान है। श्रद्धा का अपमान है। लड़कियों को योजना के तहत फंसाया जाता है। उनके साथ शादी रचाई जाती है और उसके बाद इस तरह की घटनाओं के उदाहरण हमारे सामने आते हैं जहां उन्हें टुकड़े करके फेंक दिया जाता है।
अशोक गहलोत (Ashok Gehlot) ने क्या कहा था ?
राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत (Ashok Gehlot) ने इस मामले पर बयान देते हुए कहा था कि दूसरे धर्म के लोगों के साथ शादी करना कोई नई बात नहीं है। किसी ऐसी घटना के रहते एक धर्म के लोगों को टारगेट किया जाना सरासर गलत बात है। अशोक गहलोत ने भाजपा को लेकर कहा कि इसी से इनकी राजनीति चल रही है। आग लगाना आसान है लेकिन आग बुझाने में वक्त लगता है।