Owaisi On Shraddha Murder: श्रद्धा हत्याकांड मामले (Shraddha Walkar Murder Case) को लेकर अब राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) के प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने गुरुवार (24 नवंबर, 2022) को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर इस मुद्दे को धार्मिक रंग देने का आरोप लगाया।
असदुद्दीन ओवैसी (Asaduddin Owaisi) ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी इस मुद्दे को लेकर सियासत बिल्कुल गलत है। उन्होंने कहा कि यह (श्रद्धा मर्डर केस) लव जिहाद का मामला नहीं है। यह महिला की हत्या, उस पर जुल्म, अत्याचार का वाक्या है और इसे इसी तरह देखा जाना चाहिए। हमने इसकी निंदा की है। ओवैसी ने कहा कि देश के मर्दों के दिमाग में महिलाओं पर जुल्म करने की बीमारी है, उनके दिमाग का इलाज कराना चाहिए।
ओवैसी ने दिल्ली में चुनाव प्रचार के दौरान इस घटना को धार्मिक रंग देने के लिए असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा पर भी निशाना साधा। बता दें, इससे पहले 20 नवंबर को असम के मुख्यमंत्री सरमा ने कहा था कि भारत को समान नागरिक संहिता और ‘लव जिहाद’ के खिलाफ कानून की जरूरत है। दिल्ली नगर निगम चुनाव में रोड शो के दौरान असम के मुख्यमंत्री ने कहा था कि भारत को आफताब (श्रद्धा हत्याकांड के आरोपी) जैसे व्यक्ति की नहीं, बल्कि भगवान राम जैसे व्यक्ति की, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जैसे नेता की जरूरत है।
वहीं इससे पहले टाइम्स नाव से बात करते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि श्रद्धा मर्डर मामले में देश की जनता को यह भरोसा दिलाता हूं कि जो भी व्यक्ति इसके लिए दोषी है, उसे अदालत द्वारा कम से कम समय में कड़ी से कड़ी सजा मिलेगी।
आजमगढ़ की घटना का जिक्र करते हुए ओवैसी ने कहा कि आरोपी ने अपनी पत्नी की हत्या कर दी। उसके बाद शव को सूटकेस में बंद कर दिया। एआईएमआईएम (AIMIM) प्रमुख ने कहा कि ऐसी घटनाएं दुखद हैं, इसका राजनीतिकरण नहीं किया जाना चाहिए और इसे हिंदू-मुस्लिम के नजरिए से नहीं देखना चाहिए।
गुजरात विधानसभा चुनाव में अपनी पार्टी के केवल 13 सीटों पर चुनाव लड़ने पर ओवैसी ने कहा कि हमें देश की जनता और संविधान पर भरोसा है और हमारी लड़ाई भारतीय लोकतंत्र को मजबूत करेगी। ओवैसी ने कहा कि हमें चुनाव लड़ने के लिए किसी अन्य पार्टी से अनुमति की आवश्यकता नहीं है, यह हमारा अधिकार है। हमें लोगों और देश के संविधान पर भरोसा है, हमारी लड़ाई भारतीय लोकतंत्र को मजबूत करेगी।”