पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की आज जयंती है। वे तीन बार देश के प्रधानमंत्री बने। अटल बिहारी वाजपेयी के जन्मदिन के बहाने शिवसेना सांसद संजय राउत ने प्रधानमंत्री मोदी पर निशाना साधा और कहा कि सबका साथ सबका विकास का नारा पूर्व पीएम पर ही सूट करता था।  

शनिवार को शिवसेना नेता संजय राउत ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी ने शिवसेना-भाजपा गठबंधन को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। सबका साथ और सबका विकास वाला नारा वास्तव में उन पर सूट करता है।

इस दौरान शिवसेना सांसद संजय राउत ने यह भी कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी भारत के एकमात्र दूसरे नेता थे जिन्हें जवाहरलाल नेहरू के बाद पूरे देश में सराहा गया। चाहे वह नागालैंड हो या पुडुचेरी अटल बिहारी वाजपेयी का सम्मान करने वाले लोग हर जगह थे। साथ ही उन्होंने कहा कि वाजपेयी और लाल कृष्ण आडवाणी भाजपा के दो प्रमुख स्तंभ थे, जिन्होंने भाजपा को देश भर में फैलाने में मदद की।

शनिवार को राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह समेत कई नेता अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती पर उनके स्मारक स्थल पर पहुंचे और उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। प्रधानमंत्री मोदी ने अटल बिहारी वाजपेयी को याद करते हुए ट्वीट किया कि अटल जी को उनकी जयंती पर कोटि-कोटि नमन। हम राष्ट्र के लिए उनकी समृद्ध सेवा से प्रेरित हैं। उन्होंने भारत को मजबूत और विकसित बनाने के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया। उनके द्वारा किए गए पहल ने लाखों भारतीयों को सकारात्मक रूप से प्रभावित किया।

अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती पर उनके सहयोगी रहे मुरली मनोहर जोशी ने भी याद किया। मुरली मनोहर जोशी ने कहा कि राजनीतिक क्षेत्र में अटल बिहारी वाजपेयी इस देश के लिए प्रकाश स्तंभ जैसे थे क्योंकि उन्होंने 22-23 पार्टी के साथ सरकार चलाई। वह कहते थे कि हम पड़ोसी नहीं चुन सकते उनका यह दृष्टिकोण न केवल भारत के लिए था बल्कि दुनिया के लिए भी था।