Shiv Sena, Sanjay Raut, Anti BJP Front: बीजेपी ने गोवा में बीजेपी-विरोधी मोर्चा बनाने के शिवसेना सांसद संजय राउत के बयान पर तीखी टिप्पणी की है। पार्टी नेता ने राउत के बयान का मखौल उड़ाते हुए इसे ‘मुंगेरीलाल का सपना’ करार दिया। शिवसेना नेता की टिप्पणी पर गोवा बीजेपी के अध्यक्ष विनय तेंदुलकर ने कहा कि राउत को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि उनकी पार्टी महाराष्ट्र की जनता से किए गए वादे पूरे करे, जहां उसने कांग्रेस और NCP की मदद से सरकार बनाई है।
क्या बोले बीजेपी नेता: गोवा बीजेपी चीफ विनय तेंदुलकर ने 1989 में दूरदर्शन पर प्रसारित होने वाले धारावाहिक की ओर इशारा करते हुए कहा, “राउत, ”मुंगेरीलाल के हसीन सपने” की तरह दिन में ख्वाब देख रहे हैं।” गौरतलब है कि राउत ने शुक्रवार को कहा कि गोवा में जल्द ही भाजपा-विरोधी गठबंधन बनाया जाएगा। उन्होंने यह बात गोवा फॉरवर्ड पार्टी (जीएफपी) के अध्यक्ष विजय सरदेसाई के साथ मुंबई में हुई बैठक के बाद कही।
Hindi News Today, 30 November 2019 LIVE Updates: दिन भर की बड़ी खबरों के लिए यहां क्लिक करें
क्या था राउत का बयान: शुक्रवार को संजय राउत ने कहा था कि गोवा फॉरवर्ड पार्टी के अध्यक्ष और गोवा के भूतपूर्व सीएम, विजई सरदेसाई 3 विधायकों के साथ, शिवसेना के साथ गठबंधन कर रहे हैं। एक नया राजनीतिक मोर्चा गोवा में आकार ले रहा है, ठीक वैसे ही जैसे महाराष्ट्र में हुआ था। जल्द ही गोवा में भी चमत्कार दिखाई देगा।
पूर्व सीएम फडणवीस पर कसा था तंज: संजय राउत ने महाराष्ट्र में महा विकास अघाड़ी की सरकार बनने के बाद अपने ट्वीट में लिखा- महाराष्ट्र में विरोधी पक्ष ही नहीं रहेगा, यह दावा करने वाले पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को विरोधी दल नेता चुने जाने पर हार्दिक बधाई…!

