अयोध्या में राम मंदिर के शिलान्यास का बुधवार को विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने स्वागत किया है। इसकी स्वराज इंडिया के संस्थापक योगेंद्र यादव ने आलोचना की है। यादव ने पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह और दिल्ली के सीएम अरविंद केजरवील का ट्वीट शेयर कर इसे लोकतन्त्र में विपक्ष की मौत करार दिया है।
यादव ने पंजाब और दिल्ली सीएम का ट्वीट साझा कर लिखा “राम नाम सत्य है! लोकतंत्र में विपक्ष कि मौत पर और क्या कहा जाय?” उनके यह ट्वीट करते ही यूजर्स उन्हें ट्रोल करने लगे। एक यूजर ने लिखा “अगला कदम ‘कॉमन सिविल कोड है।” एक ने लिखा “अरे इसमे गलत क्या है? हर चीज़ में विरोध करना जरूरी है क्या।” कुछ लोगों ने यादव का समर्थन भी किया। एक ने लिखा “विपक्ष की मौत, अपने सही शब्द का उपयोग किया है। सभी पार्टियों की निगाहें हिन्दू वोट बैंक पर हैं। सब अपने पार्टी के सिद्धांतों को भूल चुके हैं। वरना कोरोना काल के बीच मंदिर बनाने की इतनी जल्दी क्यों है।”
एक यूजर ने लिखा “आज माननीय प्रधानमंत्री जी ने संविधान की शपथ की हत्या कर संविधान राममंदिर की नींव में ही दफ़्न कर दिया और मंदबुद्धि भारतवासी जश्न में डूबे है, राष्ट्रपति भवन, राज भवन तुरंत बंद कर देने चाहिए, वहाँ दो ही काम होते है मोदी जी की तरह झूठी शपथ और विधायकों की ख़रीदो फ़रोख़्त।”
राम नाम सत्य है!
लोकतंत्र में विपक्ष कि मौत पर और क्या कहा जाय? pic.twitter.com/hRXuBWCnZh— Yogendra Yadav (@_YogendraYadav) August 5, 2020
बता दें राहुल गांधी से लेकर ममता बनर्जी तक सभी ने सभी ने राम मंदिर को लेकर ट्वीट किए हैं। राहुल गांधी ने भूमि पूजन के बाद ट्वीट किया और भगवान राम को मानवीय गुणों का सर्वोत्तम स्वरूप बताया। उन्होंने लिखा, “मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान राम सर्वोत्तम मानवीय गुणों का स्वरूप हैं। वे हमारे मन की गहराइयों में बसी मानवता की मूल भावना हैं।” राहुल ने एक अन्य ट्वीट कर लिखा “राहुल ने लिखा, “राम प्रेम हैं, वे कभी घृणा में प्रकट नहीं हो सकते। राम करुणा हैं, वे कभी क्रूरता में प्रकट नहीं हो सकते. राम न्याय हैं, वे कभी अन्याय में प्रकट नहीं हो सकते।”
वहीं केजरीवाल ने ट्वीट कर लिखा “भगवान राम का आशीर्वाद हम पर बना रहे. उनके आशीर्वाद से हमारे देश को भुखमरी, अशिक्षा और गरीबी से मुक्ति मिले और भारत दुनिया का सबसे शक्तिशाली राष्ट्र बने। आने वाले समय में भारत दुनिया को दिशा दे। जय श्री राम! जय बजरंग बली।”
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा, ‘”हिंदू मुस्लिम सिख ईसाई, आपस में हैं भाई-भाई। मेरा भारत महान, महान हमारा हिंदुस्तान।’’ उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘हमारे देश ने विविधता में एकता की दशकों पुरानी परंपरा हमेशा बनाए रखी है और हमें अपनी अंतिम सांस तक इसे बनाए रखना चाहिए।”
राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने लिखा “भगवान राम का हमारी संस्कृति और सभ्यता में विशिष्ट स्थान है। उनका जीवन हमें सभी के लिए सच, न्याय, समानता, करुणा और भाईचारे की महत्ता की सीख देता है। हमें भगवान राम के मूल्यों पर आधारित समतामूलक समाज बनाने पर ध्यान केंद्रित करने की आवश्यकता है।”