ऑनलाइन गेमिंग के जरिए धर्मांतरण मामले में आरोपी शाहनवाज खान को महाराष्ट्र की ठाणे कोर्ट ने 15 दिन तक ट्रांजिट रिमांड पर भेज दिया है। बता दें कि शाहनवाज खान उर्फ बद्दो को महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले से गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने उसे रविवार को गिरफ्तार किया और सोमवार को ठाणे कोर्ट में पेश किया कोर्ट ने उसे 15 दिन तक ट्रांजिट रिमांड पर भेज दिया।

अलीबाग के एक लॉज से किया गया गिरफ्तार

शाहनवाज खान महाराष्ट्र के मुंब्रा का रहने वाला है। उसे मुंब्रा पुलिस और गाजियाबाद पुलिस ने अलीबाग के एक लॉज से गिरफ्तार किया। बता दें कि यूपी पुलिस शाहनवाज खान की लंबे समय से तलाश कर रही थी। ट्रांजिट रिमांड मिलने के बाद अब यूपी पुलिस शाहनवाज खान को यूपी लाएगी। इसके अलावा सुरक्षा की जिम्मेदारी भी पुलिस को मिली हुई है।

लगातार लोकेशन बदल रहा था शाहनवाज

केस दर्ज होने के बाद से ही गाजियाबाद पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई थी। लेकिन लगातार लोकेशन बदलने के कारण पुलिस को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। जैसे ही गाजियाबाद पुलिस ने शाहनवाज के खिलाफ केस दर्ज किया और उसे इसकी खबर मिली, वह अपने दोनों भाइयों और मां के साथ सोलापुर से कहीं और चला गया। इसके बाद पुलिस ने उसके कॉल डिटेल्स की तलाश की, तो उसका लोकेशन मुंबई के वर्ली में मिला, लेकिन पुलिस को वहां भी वह हाथ नहीं लगा।

इसके बाद पुलिस ने लोकल पुलिस की मदद ली और फिर पता चला कि वह अलीबाग के एक लॉज में है। पुलिस ने लॉज की तलाशी ली और फिर शाहनवाज खान का पता चला। शाहनवाज को गिरफ्तार किया गया और फिर उसे ठाणे कोर्ट में पेश किया गया। तलाशी के दौरान पुलिस ने शाहनवाज की मां और उसके रिश्तेदारों से भी पूछताछ की थी।

एक हिन्दू परिवार ने शाहनवाज के खिलाफ शिकायत की थी। शिकायत में बताया गया था कि गेम खेलते वक्त उनका बच्चा शाहनबाज के संपर्क में आया था और उससे बात करने लगा था। बातचीत से इस्लाम के प्रति उसका झुकाव बढ़ गया था और अंत में उसने धर्म परिवर्तन भी कर लिया। शिकायत के मुताबिक बच्चा घर से ये बोलकर निकल जाता था कि जिम जा रहा है, लेकिन बाद में वो पास की मस्जिद में नमाज अदा करते समय मिलता था।