राजद नेता और लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव ने कहा कि पहले पीएम मोदी खुद कोरोना वैक्सीन लगवाएं। फिर हम भी लगवा लेंगे। तेज प्रताप ने कहा, ” देखिए वैक्सीन जो आया है. मोदी जी पहले टीका लगवालें। फिर हम भी टीका लगवालेंगे इसमें दिक्कत क्या है।” वहीं आज भारत और यूनाइटेड किंगडम के बीच फ्लाइट की आवाजाही शुरू हुई। कोविड के नए स्ट्रेन के चलते एक सप्ताह के लिए फ्लाइट की आवाजाही रद्द कर दी गई थी। 256 यात्रियों समेत एक फ्लाइट आज लंदन से दिल्ली पहुंची। यूनाइटेड किंगडम से भारत के लिए आवाजाही आज शुरू हुई, जबकि भारत से यूके के लिए उड़ान 6 जनवरी से शुरू होगी।
इस मौके पर नागरिक उड्डयन मंत्रालय के सचिव पीएस खरोला ने कहा कि एविएशन उद्योग पर COVID के दौरान बुरा असर पड़ा है। यह न सोचें कि बुरा समय समाप्त हो गया है। घरेलू विमानन के सामान्य होने में 2-3 महीने लगेंगे। भारत में विमानन का भविष्य उज्जवल है, क्योंकि यहां एक बहुत बड़ा घरेलू बाजार है।
बता दें कि आज केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ हर्षवर्धन ने चेन्नई के एक सरकारी मेडिकल कॉलेज पहुंचे। हर्षवर्धन ने बताया कि पोलियो के लिए तीन दिवसीय राष्ट्रीय टीकाकरण अभियान 17 जनवरी से शुरू होगा। उन्होंने कहा कि यह हमारे देश में विशेष रूप से पोलियो से इम्युनिटी को बनाए रखने के लिए आवश्यक है। उन्होंने COVID-19 टीकाकरण कार्यक्रम के संचालन और टीका लगवाने वालों की मदद के लिए स्वास्थ्य के क्षेत्र में काम करने वाले गैर सरकारी संगठनों से सहयोग करने की अपील की।
हर्षवर्धन ने कहा कि 2 जनवरी को देश में लगभग 125 जिलों में ड्राई रन किया गया और आज हम देश भर में यह कर रहे हैं। हर्षवर्धन ने कहा कि हमने कम वक्त में टीका विकसित किया है जो कि एक बड़ी उपलब्धि है। अगले कुछ दिनों में हम टीकाकरण का अभियान शुरू करेंगे। सबसे पहले यह हमारे सेहतकर्मियों को दिया जाएगा, जिसके बाद फ्रंटलाइन वर्कर्स होंगे।
हर्षवर्धन ने कहा कि हमने यह सुनिश्चित किया है कि राष्ट्रीय स्तर से लेकर जमीनी स्तर तक के लोगों को हर बात बताई जाए। स्वास्थ्यकर्मियों को प्रशिक्षित करने का काम जारी है। मालूम हो कि इंडियन मेडिकल एसोसिएशन ने उन सभी भारतीय वैज्ञानिकों और शोधकर्ताओं के योगदान की सराहना की है जिन्होंने दो स्वदेशी COVID-19 टीके विकसित किए हैं। आईएमए ने कहा कि हम अपने सभी सदस्यों से देश भर में टीकाकरण अभियान में सक्रिय रूप से भाग लेने की अपील करते हैं।
बता दें कि आज सरकार ने जानकारी दी कि अब तक कोविड के नए स्ट्रेन से कुल 82 व्यक्ति संक्रमित पाए गए हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, पिछले 24 घंटों में भारत में 18,139 नए कोविड-19 मामले आए हैं। जबकि 20,539 लोगों को डिस्चार्ज किया जा चुका है और 234 मौतें हुई हैं।
देश में कोरोना के कुल मामले: 1,04,13,417, एक्टिव मामले: 2,25,449, कुल ठीक हुए मरीज: 1,00,37,398 और मृत्यु संख्या : 1,50,570 है।