सपा प्रमुख अख‍िलेश यादव का आज जन्‍मद‍िन है। इस मौके पर मुख्‍यमंत्री योगी आद‍ित्‍यनाथ और बसपा सुप्रीमो मायावती ने उन्हें बधाई दी है। वहीं, दूसरी ओर सपा कार्यकर्ताओं ने अनोखे अंदाज में उनका जन्मदिन मनाया।

समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव के जन्मदिन के अवसर पर लखनऊ में पार्टी कार्यालय के बाहर एक होर्डिंग लगाया गया जिसमें उन्हें भावी प्रधानमंत्री बताते हुए जन्मदिन की बधाई दी गई। वहीं, वाराणसी में सपा कार्यकर्ताओं ने टमाटर बांटकर अखिलेश यादव का जन्मदिन मनाया।

सपा कार्यकर्ताओं ने अखिलेश यादव के जन्मदिन पर बांटा टमाटर

समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने वाराणसी में पार्टी प्रमुख का जन्मदिन मनाते हुए कहा, “आज समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव का जन्मदिन है, जिसे हम हमेशा मनाते हैं। हालांकि, इस बार हम देश में महंगाई को उजागर करने के लिए टमाटर बांटकर इसे मना रहे हैं।”

मुख्‍यमंत्री योगी आद‍ित्‍यनाथ ने खास अंदाज में सपा प्रमुख को बधाई दी। सीएम योगी ने ट्वीट कर कहा क‍ि समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अखिलेश यादव जी को जन्मदिन की बधाई! प्रभु श्री राम से आपके उत्तम स्वास्थ्य की कामना है। बसपा सुप्रीमो मायावती ने भी अखिलेश यादव को बधाई दी। उन्होंने एक ट्वीट में अखिलेश यादव और उनके परिवार वालों को हार्दिक बधाई देते हुए उनकी अच्छी सेहत के साथ लंबी उम्र की शुभकामनाएं दी हैं।

लोक कल्याण दिवस के रूप में मनाएंगे अखिलेश यादव का जन्मदिन

पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का 50वां जन्मदिन शनिवार को सपा कार्यालय समेत जिलेभर में कार्यकर्ता मनाएंगे। लोकसभा चुनाव 2024 को देखते हुए सपा कार्यकर्ता अखिलेश का जन्मदिन लोक कल्याण दिवस के रूप में मनाएंगे और जिले भर में जनता के बीच जाकर लोक जन जागरण कार्यक्रम करेंगे, जिसमें सपा सरकार के समय में हुए विकास कार्य के बारे में जानता को अवगत करवाएंगे। कार्यकर्ताओं ने बताया कि समाजवादी पार्टी संविधान और लोकतंत्र बचाने के लिए व्यापक लोक जागरण अभियान चलाकर आम जनता में चर्चा करेगी। लोकसभा चुनाव 2024 को विजय लक्ष्य बनाकर पार्टी की नीतियों और विचारधारा पर चलने का संकल्प लिया जायेगा।

तीसरी बार पार्टी के अध्यक्ष बने अखिलेश

यूपी के मुख्यमंत्री रह चुके अखिलेश यादव अभी समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष हैं। 2014 में अखिलेश यादव को सपा की पहली बार बागडोर मिली थी। इसके बाद 2017 में उन्हें फिर से अध्यक्ष चुना गया। सितंबर 2022 में तीसरी बार पार्टी ने उन्हें अध्यक्ष चुना है। वह लगातार तीसरी बार समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष बने हैं।