शिरोमणि अकाली दल (SAD) के संरक्षक प्रकाश सिंह बादल (Parkash Singh Badal) को सांस लेने में तकलीफ की शिकायत के बाद पंजाब के मोहाली के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पीटीआई ने अस्पताल के सूत्रों के हवाले से बताया कि 95 वर्षीय दिग्गज राजनेता डॉक्टरों की निगरानी में हैं। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह (Union Home Minister Amit Shah) ने भी प्रकाश सिंह बादल के स्वास्थ्य को लेकर चिंता जताई और कहा कि उन्होंने SAD प्रमुख सुखबीर सिंह बादल (SAD chief Sukhbir Singh Badal) से इस बारे में बात की है।

गृहमंत्री अमित शाह ने ट्वीट करते हुए लिखा, “यह जानकर चिंतित हूं कि दिग्गज नेता श्री प्रकाश सिंह बादल जी अस्वस्थ हैं और अस्पताल में भर्ती हैं। सुखबीर सिंह बादल जी के साथ उनके स्वास्थ्य के बारे में टेलीफोन पर चर्चा की। मैं ईश्वर से उनके शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।”

पीटीआई ने रिपोर्ट में कहा कि प्रकाश सिंह बादल को रविवार को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री और पांच बार के विधायक प्रकाश सिंह बादल को गैस्ट्राइटिस और ब्रोन्कियल अस्थमा की शिकायत के बाद पिछले साल जून में अस्पताल में भर्ती कराया गया था। फरवरी 2022 में उन्हें पोस्ट-कोविड स्वास्थ्य जांच के लिए मोहाली के एक निजी अस्पताल में ले जाया गया था, जिसके दौरान उनके हृदय और फेफड़े की जांच भी हुई थी। जनवरी 2022 में कोविड-19 पॉजिटिव पाए जाने के बाद उन्हें लुधियाना के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

वहीं रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह को कोरोना हो गया है। रक्षा मंत्री को कोरोना के हल्के लक्षण हैं और होम क्वारंटीन में हैं। समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक रक्षा मंत्रालय ने कहा कि डॉक्टरों की एक टीम ने उनकी जांच की और उन्हें आराम करने की सलाह दी है। राजनाथ सिंह गुरुवार को नई दिल्ली में भारतीय वायु सेना के कमांडरों के सम्मेलन में भाग लेने वाले थे, लेकिन corona पॉजिटिव पाए जाने के बाद नहीं शामिल होंगे।

इससे पहले रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह जनवरी 2022 में कोविड-19 के लिए पॉजिटिव पाए गए थे, जब ओमिक्रॉन वैरिएंट मामलों में वृद्धि हो रही थी। ट्विटर पर इसकी जानकारी देते हुए राजनाथ सिंह ने कहा था कि उनमें हल्के लक्षण हैं और वह होम क्वारंटाइन में हैं।