केंद्र के तीन कृषि बिलों के खिलाफ जारी प्रदर्शन के बीच भारत रत्न सचिन तेंदुलकर के ट्वीट पर राजनीति तेज हो गई है। तेंदुलकर समेत कई क्रिकेट सितारों और फिल्मी हस्तियों ने कृषि कानूनों के खिलाफ किसानों के आंदोलन के समर्थन में वैश्विक हस्तियों के उतरने के खिलाफ सरकार का समर्थन किया था। तेंदुलकर ने लिखा था, ‘भारत की सम्प्रभुता से समझौता नहीं किया जा सकता। विदेशी ताकतें दर्शक हो सकती हैं लेकिन प्रतिभागी नहीं। भारत को भारतीय जानते हैं और वे ही भारत के लिए फैसला लेंगे। एक देश के रूप में एकजुट होने की जरूरत है।’
सचिन के इस ट्वीट के बाद पक्ष विपक्ष में प्रतिक्रियाएं आईं। सचिन के ट्वीट से नाराज केरल के कोची में यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने उनके तस्वीर पर कालिज पोत दी। इस घटना पर भाजपा ने नाराजगी जताई है। पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा ने ट्वीट कर कहा- ये कांग्रेस है। भारत रत्न सचिन तेंदुलकर का अपमान। भारत रत्न लता मंगेशकर का तिरस्कार। क्यों? सिर्फ इसलिए सिर्फ इसलिए, क्योंकि इन सच्चे हिंदुस्तानियों के विचार राष्ट्रवादी हैं? पूरा समर्थन ‘टूलकिट’ एक्सपर्ट रिहाना, मिया खलीफा और ग्रेटा के लिए… शर्मनाक।
महाराष्ट्र के पूर्व सीएम देवेंद्र फडणवीस ने भी इस संबंध में प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा- महाराष्ट्र नहीं बल्कि पूरे देश के रत्न, भारत रत्न और मराठी लोगों के अभिमान सचिन तेंदुलकर का इस तरह से अपमान महा विकास अघाड़ी के नेता सहन करेंगे क्या?
मालूम हो कि किसानों के आंदोलन की ओर ध्यान आर्किषत करने वाली रिहाना के ट्वीट के बाद बॉलीवुड की हस्तियां स्पष्ट रूप से बंटे हुए नजर आईं। हालांकि अमेरिकी गायिका की टिप्पणी पर अक्षय कुमार और अजय देवगन जैसे बड़े फिल्मी सितारों की प्रतिक्रिया की तापसी पन्नू और स्वरा भास्कर ने आलोचना की है। अभिनेत्री तापसी पन्नू, फिल्मकार ओनिर, अभिनेता अर्जुन माथुर और अन्य ने बड़े फिल्मी सितारों द्वारा सरकार का समर्थन किए जाने की निंदा की।
#Aaj_Ki_Taza_Khabar
केरल के कोची में यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने सचिन तेंदुलकर की तस्वीर पर कालिख पोती, अपमान पर BJP ने किया पलटवार.#SachinTendulkar #BharatRatna #Congress #BJP #news #News18India pic.twitter.com/ecbgnm2RZd— News18 India (@News18India) February 6, 2021
ट्विटर पर 10 करोड़ फॉलोवर के साथ दुनिया में चौथी सबसे अधिक फॉलो की जाने वाली हस्ती रिहाना ने मंगलवार को ट्विटर पर किसान आंदोलन से संबंधित सीएनएन की एक खबर साझा करते हुए लिखा था, ‘हम इस बारे में बात क्यों नहीं कर रहे?’ रिहाना के ट्वीट के बाद स्वीडन की पर्यावरण कार्यकर्ता ग्रेटा थनबर्ग, अमेरिकी उपराष्ट्रपति कमला हैरिस की भांजी एवं पेशे से वकील मीना हैरिस, अभिनेत्री अमांडा सेरनी, गायक जे सिएन, डॉक्टर जियूस और पूर्व पॉर्न स्टार मिया खलीफा ने प्रदर्शनकारी किसानों के समर्थन में आवाज उठाई थी। (एजेंसी इनपुट)