राहुल गांधी ने पिछले दिनों अपने कई जनसभाओं में हिंदू बनाम हिंदुत्व का जिक्र कर भाजपा को घेरने की कोशिश की। हिंदू और हिंदुत्व को एक दूसरे से अलग बताए जाने को लेकर आरएसएस ने राहुल गांधी पर पलटवार किया है और कहा कि दोनों अलग अलग नहीं हैं और वे विवाद को बढ़ाना चाहते हैं।

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी का बिना नाम लिए हुए आरएसएस नेता सुरेश भैयाजी जोशी ने कहा कि जो लोग इस मसले पर विवाद फैलाने का प्रयास कर रहे हैं दरअसल उनका आधार ही अफवाह है। साथ ही उन्होंने कहा कि जो लोग इस बयान को सही मानते हैं, उन्हें इसे खारिज करने का कोई कारण नहीं मिल सकता है। हिंदू और हिंदुत्व अलग नहीं है। अगर मैं हिंदू हूं तो हिंदुत्व मेरा चरित्र है। इसलिए ये दोनों चीजें अलग नहीं है।

बता दें कि पिछले दिनों जयपुर में कांग्रेस पार्टी द्वारा आयोजित रैली में राहुल गांधी ने हिंदू और हिंदुत्व को अलग बताते हुए भाजपा पर जमकर निशाना साधा था। राहुल गांधी ने कहा था कि हिन्दू और हिंदुत्ववादी अलग अलग हैं। ये एक चीज नहीं है, ये दो अलग शब्द हैं और इनका मतलब बिल्कुल अलग है। मैं हिंदू हूं, लेकिन हिंदुत्ववादी नहीं हूं। महात्मा गांधी हिंदू थे और नाथूराम गोडसे हिंदुत्ववादी था। 

राहुल गांधी ने यह भी कहा कि हिंदू हमेशा सत्य को ढूंढता है जबकि हिंदुत्ववादी पूरी जिंदगी सत्ता को ढूंढने और सत्ता पाने में निकाल देता है। वह सत्ता के लिए किसी को मार भी सकता है। साथ ही उन्होंने कहा कि ये देश हिंदुओं का है न कि हिंदुत्ववादियों का। आज देश में दर्द है, महंगाई है तो ये काम आज हिंदुत्ववादियों ने किया है। क्योंकि उन्हें किसी भी हालत में सत्ता चाहिए।

इसके अलावा बीते शनिवार को अमेठी में आयोजित कार्यक्रम के दौरान भी उन्होंने हिंदू और हिंदुत्व की बहस छेड़ दी। राहुल गांधी ने अमेठी में कहा कि हिंदुत्ववादी गंगा में अकेला स्नान करता है। हिंदू गंगा में करोड़ों लोगों के साथ स्नान करता है। एक तरफ हिंदू है तो दूसरी तरफ हिंदुत्ववादी है। एक तरफ सच है तो दूसरी तरफ झूठ है। हिंदू सच बोलते हैं तो हिंदुत्ववादी झूठ बोलते हैं। उनका इशारा प्रधानमंत्री मोदी की ओर था। दरअसल पीएम मोदी ने काशी विश्वनाथ कॉरिडोर का लोकार्पण करते हुए गंगा में स्नान किया था।