Bulandshahr Road Accident: उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में बड़ा हादसा हुआ है। यहां सलेमपुर-बदायूं मार्ग पर एक बस और पिकअप में टक्कर हो गई। जिसमें 10 लोगों की मौत, जबकि 27 लोग घायल हुए हैं। सभी घायलों का इलाज चल रहा है, जबकि 4 गंभीर रूप से घायलों को मेरठ मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।
हादसे की जानकारी देते हुए जिलाधिकारी सी.पी. सिंह ने कहा, “आज एक पिकअप गाड़ी गाजियाबाद से संभल की तरफ जा रही थी और एक बस बुलंदशहर की तरफ आ रही थी और सलेमपुर थाने के पास बहुत दुर्भाग्यपूर्ण दुर्घटना घटी है, जिसमें 10 लोगों की मृत्यु हो गई है और 27 लोग घायल हैं जिनका इलाज चल रहा है…4 गंभीर रूप से घायल लोगों को मेरठ मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है… “
एक्सीडेंट की जानकारी जैसे ही मृतकों के परिजनों और स्थानीय लोगों को हुई तो वो भी मौके पहुंच पर गए। इस दौरान गुस्साए लोगों ने चक्का जाम कर दिया। हालांकि, पुलिस ने किसी तरह उन्हें समझाकर मामले को शांत करवाया और जाम खुलवाया। एक्सीडेंट का एक वीडियो भी सामने आया है। जिसमें देखा जा सकता है कि एक्सीडेंट से मैक्स बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है। वहीं, मौके पर भारी संख्या में भीड़ एकत्रित हुई है। पुलिस ने बस को भी कब्जे में ले लिया है।
रविवार सुबह लगभग 10:30 बजे गाजियाबाद की एक कंपनी से मैक्स वाहन में सवार होकर लोग अपने घर अलीगढ़ व अन्य स्थानों पर रक्षाबंधन का त्योहार मनाने के लिए जा रहे थे। बुलंदशहर के सलेमपुर थाना क्षेत्र में डिबाई की तरफ से आ रही प्राइवेट बस और मैक्स वाहन की आमने सामने से भिड़ंत हो गई। इसमें पिकअप बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। चीख-पुकार मचने पर लोगों की भीड़ जुट गई। पुलिस भी कुछ देर में आ गई। पुलिस ने वाहन में फंसे घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल भिजवाया। डीएम सीपी सिंह और एसएसपी श्लोक कुमार ने घटनास्थल पर पहुंचकर हादसे की जानकारी ली।
पिकअप चालक ने क्या बताया?
पिकअप चालक ने बताया कि वह गाजियाबाद से आ रहा था। वह अपनी साइड से आ रहा था। बस वाला दारू पीकर चला रहा था। उसने बस मोड़ी इसके बाद पिकअप में जोरदार टक्कर लग गई। हमारे कई लोगों की मौत हो गई। वहीं स्थानीय लोगों ने बताया कि पिकअप चालक इंडिकेटर दे रहा था, इसके बावजूद बस चालक ने टक्कर मार दी।
स्थानीय लोगों ने बताया कि मौके पर एंबुलेंस सवा घंटे के बाद पहुंची। घटना की सूचना देने के बावजूद पुलिस भी आधे घंटे की देरी से पहुंची। सड़क के किनारे लोगों के आवास हैं, जानवर भी बंधे रहते हैं। हमारी कोई सुनता नहीं, इसलिए हमने रोड जाम कर दिया है। हमें हर हाल में कार्रवाई चाहिए।