लव जिहाद शब्द का नाम कई भाजपा नेताओं की जुबान पर रहता है। इतना ही नहीं उत्तरप्रदेश और मध्यप्रदेश की भाजपा सरकार लव जिहाद को लेकर कानून भी बना चुकी है। इसी मुद्दे पर राजद प्रवक्ता और नेता मनोज झा ने भाजपा सरकार को निशाने पर लेते हुए कहा कि भाजपा ना ‘लव’ समझती है और ना जिहाद। साथ ही राजद नेता ने उदाहरण देते हुए कह दिया कि सरकार को कई अन्य चीजों के खिलाफ जिहाद करना चाहिए।

दरअसल मध्यप्रदेश में लव जिहाद कानून का समर्थन करते हुए राज्य के गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि हमें लव से कोई समस्या नहीं है बल्कि हम जिहाद के खिलाफ हैं। इसी मुद्दे पर प्रतिक्रिया देते हुए मनोज झा ने कहा कि भाजपा ना लव समझती है और ना ही जिहाद। अगर जिहाद करनी है तो सरकारों को जिहाद करना चाहिए। आगे मनोज झा ने कहा कि सरकारों को बेरोजगारी और भुखमरी जैसी समस्या के खिलाफ जिहाद करनी चाहिए। लेकिन वे लोग वहां चुप हैं क्योंकि उनके ऊपर दबाव है।

इसके अलावा गाजियाबाद में पानी पीने को लेकर एक बच्चे को पीटे जाने के मुद्दे पर मनोज झा ने कहा कि पहले तो जाति में पानी पीने को लेकर समस्या थी लेकिन अब यह धर्म तक पहुंच गया है। ऐसी परिस्थितियां तो पांच ट्रिलियन की इकोनॉमी बना कर भी सुधारी नहीं जा सकती है। इसके लिए तो सर्जिकल इम्प्लांट ही करना पड़ेगा। साथ ही मनोज झा ने हाल ही तृणमूल में शामिल हुए पूर्व भाजपा नेता यशवंत सिन्हा को शुभकामनाएं भी दी।

इस दौरान मनोज झा ने किसान नेताओं के बंगाल जाने और राकेश टिकैत के संसद जाने वाले बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि अगर सरकार आंदोलनकारियों की बात को नहीं सुनेगी तो उन्हें अगला कदम सोचने के लिए विवश होना पड़ेगा।

आगे मनोज झा ने कहा कि इस देश ने पहले भी महेंद्र सिंह टिकैत जैसे किसान नेताओं का आंदोलन देखा है जब लालकिला को घेर लिया गया था। लेकिन किसी ने सवाल नहीं उठाया क्योंकि ये उनका हक़ था। इसलिए सरकार को किसानों से बातचीत करना ही चाहिए और मामले को सुलझाना चाहिए।