Ratrapatni Controversy: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को ‘राष्ट्रपत्नी’ कहे जाने के मामले पर घमासान छिड़ा हुआ है। भाजपा इस मुद्दे पर प्रमुख विपक्षी दल पर हमलावर है और गुरुवार को इसे लेकर संसद में कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी के बीच नोकझोंक भी देखने को मिली थी, जिसके बाद दोनों आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है। इस बीच, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को राष्ट्रपति भवन में महामहिम द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात की। इसके बाद केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने भी राष्ट्रपति से मुलाकात की।

गृह मंत्री ने शुक्रवार को राष्ट्रपति भवन में महामहिम द्रौपदी मुर्मू से औपचारिक मुलाकात की। वहीं, स्मृति ईरानी के साथ केंद्रीय राज्यमंत्री महेंद्र मुंजापारा और जॉन बारला भी राष्ट्रपति भवन पहुंचे थे जहां उन्होंने राष्ट्रपति से मुलाकात की। इसके पहले, गुरुवार को कैबिनेट मंत्री और कानून राज्य मंत्री किरेन रिजिजू और एसपी सिंह बघेल ने भी राष्ट्रपति से मुलाकात की थी। इस विवाद के बीच, अधीर रंजन चौधरी ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मिलने का वक्त मांगा था, लेकिन अभी तक उन्हें मिलने का वक्त नहीं दिया गया है। वहीं, संसद में इस मुद्दे पर घमासान जारी है।

मैंने कभी ऐसा बर्ताव नहीं देखा- जया बच्चन

दूसरी तरफ, सोनिया गांधी और स्मृति ईरानी के बीच संसद में हुई नोकझोंक पर सपा की राज्यसभा सांसद जया बच्चन ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा, “बहुत शर्म की बात है, अभी जो हो रहा है वैसा बर्ताव मैंने कभी नहीं देखा है। मुझे 16 साल हो गए लेकिन ऐसा कभी नहीं देखा था। सीनियर नेता खड़े होकर नारेबाजी कर रहे हैं। मंत्रियों ने कभी ऐसा नहीं किया है लेकिन सारी परंपराएं इन्होंने लांघ दी।”

जया बच्चन ने कहा, “सोनिया गांधी एक बहुत वरिष्ठ नेता हैं और दूसरी तरफ, अधीर रंजन चौधरी ने जो कुछ कहा, उसको भी देखना चाहिए। इनको हिंदी शब्दकोश को भी देखना चाहिए कि ‘पति’ किसके लिए होता है। वह (सोनिया गांधी) सीनियर लेडी हैं और सब जानते हैं कि उनकी तबीयत खराब है। उनको क्यों परेशान करना, ये गलत बात है।”