यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि अयोध्या में रामजन्मभूमि पर मंदिर निर्माण राष्ट्र मंदिर की तरह महत्वपूर्ण है। सोमवार को झारखंड में एक सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि “राम मंदिर दूसरे मंदिरों की तरह नहीं होगा, यह एक राष्ट्र मंदिर होगा, जो भगवान राम के जन्मस्थान पर बनेगा। यह मंदिर दुनिया को भारत के लोकतंत्र और न्यायपालिका की ताकत को दिखाएगा। यह भारत की आत्मा होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में अयोध्या में भगवान राम के मंदिर का निर्माण होगा।”

कहा विपक्ष नहीं चाहता था कि मंदिर बने : उन्होंने झारखंड विधानसभा चुनाव के पांचवें चरण के प्रचार के लिए तीन जनसभाओं को संबोधित किया। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस सहित सभी विपक्षी दल कभी भी रामजन्मभूमि के लिए कोई समाधान नहीं चाहते थे, कहा कि कांग्रेस और उसके सहयोगी भ्रष्टाचार, आतंकवाद, नक्सलवाद, अराजकता के पक्ष में थे। वे राम मंदिर का विरोध करते थे।

Hindi News Today, 17 December 2019 LIVE Updates: बड़ी खबरों के लिए यहां क्लिक करें

हर परिवार से मंदिर के लिए ईंट के योगदान को कहा : सीएम ने कहा कि रामराज्य सुशासन का एक सच्चा उदाहरण है। “यह एक ऐसा राज्य था जहां किसी के साथ भेदभाव नहीं किया जाता था। गरीबों को सरकार की कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ना और सुरक्षा की गारंटी देना भी राम राज्य है।” उन्होंने अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के लिए झारखंड के हर परिवार से ईंटों का योगदान भी मांगा। उन्होंने कहा, “हर दलित और आदिवासी गर्व से घोषणा करेगा कि यह उनके भगवान राम का मंदिर है।”

दावा किया कि मोदी शासन में दुनिया में भारत का कद बढ़ा : सीएम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पहला कार्यकाल गरीबों के कल्याण के लिए और वर्तमान कार्यकाल राष्ट्र को समर्पित है। उन्होंने दावा किया कि केंद्र में पीएम मोदी, झारखंड में सीएम रघुबर दास और भाजपा शासित सभी राज्य इस दिशा में गंभीर प्रयास कर रहे हैं। कल्याण योजनाओं के बारे में बोलते हुए आदित्यनाथ ने कहा कि गरीबों को मुफ्त घर, शौचालय, बिजली और गैस कनेक्शन दिए जा रहे हैं। आदित्यनाथ ने कहा कि दुनिया में भारत का कद पीएम मोदी के दूसरे कार्यकाल में बढ़ा है।