उत्तर प्रदेश के अयोध्या में बन रहे भव्य राम मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा समारोह के लिए ज़ोर-शोर से तैयारियां चल रही हैं। यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को कहा कि 22 जनवरी को राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा समारोह के दिन अयोध्या एयर पोर्ट पर 100 चार्टर्ड प्लेन के उतरने की उम्मीद है। अयोध्या में महर्षि वाल्मिकी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का उद्घाटन 30 दिसंबर 2023 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया था।

अयोध्या से अहमदाबाद के लिए एयरलाइन इंडिगो की फ्लाइट सर्विस के उद्घाटन के लिए ऑनलाइन आयोजित समारोह में सीएम आदित्यनाथ ने कहा कि 22 जनवरी को करीब 100 चार्टर्ड उड़ानों के अयोध्या हवाई अड्डे पर उतरने का अनुमान है। उन्होंने कहा कि यह हमें अयोध्या एयरपोर्ट की संभावनाओं को परखने का भी मौका देगा। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने लखनऊ से और नागरिक विमानन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने राष्ट्रीय राजधानी से ऑनलाइन हिस्सा लिया।

उत्तर प्रदेश का चौथा अंतरराष्ट्रीय एयर पोर्ट

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश को चौथा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा देने के लिए मैं पीएम नरेंद्र मोदी का आभारी हूं। 30 दिसंबर, 2023 को प्रधानमंत्री मोदी ने नवनिर्मित अयोध्या हवाई अड्डे का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने कहा था कि महर्षि वाल्मिकी की रामायण ज्ञान का मार्ग है और हमें श्री राम से जोड़ती है।

अयोध्या में 22 जनवरी 2024 को होने जा रहे कार्यक्रम को लेकर सुरक्षा व्यवस्था भी पुख्ता कर ली गई है। इस बीच अयोध्या के महर्षि वाल्मिकी इंटरनेशनल एयरपोर्ट की सुरक्षा CISF को सौंपी गई है। गृह मंत्रालय के सूत्रों के मुताबिक गृह मंत्रालय ने CISF के 250 जवानों और अधिकारियों को सुरक्षा की जिम्मेदारी सौंपी है।

अयोध्या एयर पोर्ट से फ्लाइट्स

अहमदाबाद से अयोध्या के बीच सीधी हवाई सेवा का विकल्प मिल गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को आयोजित एक कार्यक्रम में अहमदाबाद-अयोध्या के लिए इंडिगो एयरलाइंस की सीधी हवाई सेवा का शुभारंभ किया। अयोध्या से दिल्ली के बाद अहमदाबाद दूसरा कनेक्टेड स्थल है। 15 जनवरी से मुंबई के लिए उड़ान सेवा शुरू हो जाने के बाद ये तीसरा कनेक्टेड स्थल हो जाएगा। इसके अलावा 16 जनवरी से दिल्ली के लिए एक और उड़ान आरंभ हो रही है।

20 महीने में तैयार किया गया अयोध्या एयर पोर्ट

महर्षि वाल्मीकि अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे को 20 महीने के रिकॉर्ड समय में तैयार किया गया है। इस एयरपोर्ट 1450 करोड़ रुपये की लागत से बनाया गया है। राम मंदिर की कलाकृति भी एयरपोर्ट पर देखने को मिलेगी। एयरपोर्ट मंदिर के स्वरूप में बनाया गया है, जिसके अंदर भगवान श्रीराम के जीवन के दृश्य अलग-अलग कलाकृतियों और पेंटिंग्स के जरिए दर्शाए गए हैं।