अयोध्या में लोगों का उल्लास देखने लायक है। सभी को 22 जनवरी का इंतजार है। इस दिन अयोध्या राम मंदिर में नई मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा की जाएगी। हालांकि कई लोगों के मन में यह भी सवाल है कि नई मूर्ति की स्थापना के बाद भगवान राम लला की पुरानी मूर्ति का क्या होगा?

आचार्य सत्येंद्र दास ने बताया राम लला की पुरानी मूर्ति का क्या होगा?

इस बारे में अयोध्या राम मंदिर के मुख्य पुजारी आचार्य सत्येंद्र दास ने बताया, “जो छोटे राम लला हैं उनको भी उसी जगह मंदिर में स्थान दिया गया है। बहुत दिनों से वे पूजे जा रहे हैं, उनकी भी पूजा साथ में होगी। आज संध्या आरती के बाद राम लला की छोटी मूर्ति नए मंदिर में स्थापित की जाएगी। इसके बाद वहीं पर पूजा अर्चना होगी। हालांकि दर्शन नहीं होगा। प्राण प्रतिष्ठा के बाद नई मूर्ति का कार्यक्रम होगा। इसके बाद नया मंदिर खोला जाएगा। इसके बाद ही लोग भगवान राम लला की दोनों ही प्रतिमाओं का दर्शन कर पाएंगे।”

राम लला की नई मूर्ति की पहली पूर्ण तस्वीर आई सामने

राम मंदिर में विराजमान की गई रामलला की पहली तस्वीर सामने आ गई है। उस तस्वीर में भगवान वाला तेज भी है, बच्चों वाली मासूमियत भी। श्याम रंग की इस प्रतिमा को देख सभी उत्साहित हो गए हैं, 22 जनवरी को इसी प्रतिमा का प्राण प्रतिष्ठा होने जा रहा है।

प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम को लेकर जमीन पर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। हजारों मेहमान उस दिन अयोध्या आने वाले हैं, सियासी से लेकर खेल जगत के कई बड़े चेहरे भी अपनी उपस्थिति दर्ज करवाएंगे। उस दिन पूरे रीति रिवाज के साथ राम मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा की जाएगी और फिर उसे आम जनता के लिए दर्शन के लिए खोल दिया जाएगा।