अरब सागर और लाल सागर में मर्चेंट नेवी के जहाज पर हुए हमले को लेकर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सख्त चेतावनी दी है। हमला करने वालों को चेतावनी देते हुए राजनाथ सिंह ने कहा है कि जिस किसी ने भी यह हमला किया है, हम उन्हें समुद्र की गहराई से भी ढूंढ निकालेंगे और उनको उनकी सजा मिलेगी। राजनाथ सिंह ने कहा कि पूरे भारतीय महासागर क्षेत्र में सुरक्षा के लिए भारत जिम्मेदार है।

राजनाथ सिंह ने कहा कि मोदी सरकार अपने मित्र देशों के साथ काम करेगी और यह सुनिश्चित करेगी कि क्षेत्र में समुद्री व्यापार पूरी तरह से सुरक्षित रहे। भारतीय नौसेना ने पुष्टि करते हुए बताया था कि 2 दिन पहले एमवी चेम प्लूटो को ड्रोन हमले से निशाना बनाया गया था। यह हमला भारतीय समुद्री तट से करीब 400 किलोमीटर की दूरी पर हुआ था। इस हमले को ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों द्वारा अंजाम दिया गया था।

राजनाथ सिंह ने कहा, “आजकल समंदर में हलचल कुछ ज़्यादा ही बढ़ गई है। भारत की बढ़ती आर्थिक और सामरिक ताक़त ने कुछ ताक़तों को ईर्ष्या और द्वेष से भर दिया है। अरब सागर में हाल में हुए ‘एमवी केम प्लूटो’ पर ड्रोन हमले और कुछ दिन पहले लाल सागर में ‘एमवी साई बाबा’ पर हुए हमले को भारत सरकार ने बहुत गंभीरता से लिया है। हम सुनिश्चित करेंगे कि इस इलाक़े में होने वाला समुद्री व्यापार सागर से उठकर आसमान की बुलंदियों तक पहुंचे।”

बता दें कि 23 दिसंबर को पोरबंदर से लगभग 217 समुद्री मील की दूरी पर 21 भारतीय चालक दल के सदस्यों वाले कमर्शियल शिप पर एक ड्रोन हमला किया गया था। इसके बाद भारतीय नौसेना ने जहाज को सहायता करने के लिए कई पोत तैनात किये। ये जहाज दोपहर करीब साढे तीन बजे मुंबई तट पर पहुंचा।

नौसेना के एक प्रवक्ता ने कहा था, “जहाज के पहुंचने पर भारतीय नौसेना के विस्फोटक दल ने हमले का प्रकार और प्रकृति का आकलन करने के लिए जहाज का निरीक्षण किया। हमले के क्षेत्र और जहाज पर मिले मलबे का निरीक्षण करने से संकेत मिलता है कि यह ड्रोन हमला था। हालांकि हमले के प्रकार और इसमें इस्तेमाल विस्फोटक की मात्रा का पता लगाने के लिए फॉरेंसिक और तकनीकी विश्लेषण की आवश्यकता होगी।”