राजस्थान में होने वाले उपचुनाव के लिए कांग्रेस ने अपने स्टार प्रचारकों की लिस्ट जारी कर दी है। बता दें कि इस लिस्ट में पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह का नाम शामिल हैं। वहीं कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और राहुल गांधी का नाम गायब है। कांग्रेस ने राजस्थान उपचुनाव के लिए 40 नेताओं के नामों की लिस्ट गुरुवार को जारी की है। राजस्थान में दो सीटों पर उपचुनाव होने हैं।
जिन सीटों पर उपचुनाव होने हैं, उनमें मांडवा और खिंसवर का नाम शामिल है। कांग्रेस के लिए यह उपचुनाव सरकार का रिपोर्ट कार्ड माना जा रहा है, क्योंकि अशोक गहलोत सरकार के सत्ता में आने के बाद यह राजस्थान में होने वाला पहला चुनाव है। गौरतलब है कि मनमोहन सिंह हाल ही में राजस्थान से राज्यसभा सांसद चुने गए हैं।
मनमोहन सिंह के अलावा कांग्रेस के स्टार प्रचारकों की लिस्ट में सचिन पायलट और सीएम अशोक गहलोत का नाम भी शामिल है। वहीं सोनिया गांधी, राहुल गांधी के साथ ही प्रियंका गांधी, गुलाम नबी आजाद और अहमद पटेल जैसे नेताओं का नाम भी स्टार प्रचारकों की लिस्ट से गायब है।
राजस्थान कांग्रेस में आंतरिक कलह की बात भी सामने आ रही है। ऐसे में भी इन दोनों सीटों पर होने वाला उपचुनाव कांग्रेस के लिए काफी अहम माना जा रहा है। बता दें कि कांग्रेस ने उपचुनावों के लिए मांडवा से रीता चौधरी को और खिंसवर से हरेंद्र मिर्धा को अपना उम्मीदवार बनाया गया है। बता दें कि देशभर के 13 राज्यों में आगामी 21 अक्टूबर को उपचुनाव के लिए वोट डाले जाएंगे। जिनके नतीजे 24 अक्टूबर को जारी किए जाएंगे।