राजस्थान के चूरू जिले के सुजानगढ़ स्थित सालासर बालाजी द्वार को रात के अंधेरे में गिराए जाने का मामला अब विवादों में घिरता जा रहा है। बता दें कि इस मुद्दे को लेकर भारतीय जनता पार्टी कांग्रेस की अशोक गहलोत सरकार पर हमलावर है। इस वाकये का एक वीडियो ट्वीट करते हुए भाजपा राजस्थान ने लिखा कि गहलोत जी, हम भूलेंगे नहीं।
भाजपा ने वीडियो शेयर कर चेतावनी दी, “सुजानगढ़ में गहलोत सरकार की “निशाचरी करतूत”! अंधेरी रात में भगवान राम और उनके दरबार की मूर्तियों पर गहलोत सरकार ने चलाया बुलडोजर। गहलोत जी, नहीं भूलेंगे हम…” इसके अलावा भाजपा ने इस मामले को लेकर आंदोलन की चेतावनी दी है।
गौरतलब है कि इस घटना के बाद हिन्दू संगठनों की तरफ से भी विरोध दर्ज कराया गया। संगठन के कार्यकर्ताओं ने सुजानगढ़-सालासर रोड को जाम कर गहलोत सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। धरने के दौरान उन्होंने हनुमान चालीसा का पाठ भी किया गया।
केंद्रीय मंत्री शेखावत ने किया हमला: केंदीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने एक ट्वीट में कहा कि भगवान श्रीराम को काल्पनिक कहने वाली कांग्रेस अपना अस्तित्व खतरे में देख मंदिर जाने का दिखावा करने लगी। लेकिन उसकी असलियत छिप नहीं पा रही। सुजानगढ़ में प्रवेश द्वार को धवस्त करते हुए यह ध्यान नहीं रखा गया कि उसपर राम दरबार बना हुआ है। इसे करतूत को सच्चा हिंदू स्वीकार नहीं करेगा।
इसके अलावा राजस्थान भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनिया ने ट्वीट में कहा कि सीएम अशोक गहलोत और कांग्रेस की मंशा और उनकी नीति साफ है। एक वो हैं, जो श्री राम मंदिर बनाते हैं। दूसरे वो हैं, जो निष्ठुरता से तोड़ते हैं, जो श्रीराम का नहीं हुआ, वह किसी के काम का नहीं है।
दरअसल चूरू शहर के एक एंट्री गेट पर राम दरबार बनाया गया था। सामने आये वीडियो में दिख रहा है कि बुलडोजर से इसे गिराया जा रहा है। मामले के तूल पकड़ने के बाद सोशल मीडिया पर कांग्रेस की तीखी आलोचना हो रही है।