कांग्रेस पार्टी की भारत जोड़ो यात्रा जारी है और यह यात्रा कन्याकुमारी से लेकर 12 राज्यों से गुजरते हुए कश्मीर पहुंचेगी। कश्मीर में यात्रा का समापन होगा। पार्टी की भारत जोड़ो यात्रा जब तमिलनाडु में पहुंची, उस दौरान राहुल गांधी से मिलने मनरेगा में काम कर रही कुछ महिलाएं पहुंची। राहुल गांधी ने इन सभी महिलाओं से मुलाकात की और उनसे बातचीत की।
राहुल गांधी जब महिलाओं से बातचीत कर रहे थे, उसी दौरान एक महिला ने राहुल गांधी की शादी कराने की पेशकश कर दी। महिला की इस बात पर राहुल गांधी झेंप गए और खुश भी नजर आए। महिलाओं से राहुल गांधी की बातचीत का एक फोटो भी कांग्रेस के मीडिया इंचार्ज जयराम रमेश ने ट्वीट किया है। इसके साथ ही जयराम रमेश ने मुलाकात का पूरा किस्सा भी ट्वीट कर बताया है।
जयराम रमेश ने फोटो ट्वीट करते हुए लिखा, “भारत जोड़ो यात्रा के तीसरे दिन का एक मजेदार पल। राहुल गांधी की आज दोपहर मार्तंडम में महिला मनरेगा कार्यकर्ताओं के साथ बातचीत के दौरान एक महिला ने कहा कि वे जानती हैं कि राहुल गांधी तमिलनाडु से प्यार करते हैं और वे उनकी शादी एक तमिल लड़की से करने के लिए तैयार हैं। राहुल गांधी सबसे ज्यादा खुश लग रहे हैं और यह फोटो इसे दिखाता है।”
कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा तमिलनाडु से केरला पहुंच गई है। यात्रा के केरला पहुंचने पर पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव केसी वेणुगोपाल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए कहा, “आप में से अधिकांश लोगों ने भारत जोड़ो यात्रा के अंतिम चार दिन देखे होंगे। यह हमारी उम्मीदों से परे सफल है। हमने नहीं सोचा था कि तमिलनाडु इस यात्रा का इतना भव्य स्वागत करेगा। इससे पता चलता है कि यह यात्रा भारत की अब तक की सबसे ऐतिहासिक यात्रा होने जा रही है।”
केसी वेणुगोपाल ने आगे कहा, “यह केवल कांग्रेस की यात्रा नहीं है। आप यात्रा के दोनों पक्षों को देखें, यह केवल कांग्रेस ही नहीं बल्कि वे लोग हैं जो हमारी विचारधाराओं में विश्वास करते हैं। जो मानते हैं कि भारत बेहद मुश्किल दौर से गुजर रहा है। राष्ट्रीय मीडिया के लोग इस यात्रा की व्यवस्था से निपटने के लिए बहुत दर्द और मुश्किलें उठा रहे हैं। इस तरह की कवरेज देने के लिए मैं आपका तहे दिल से शुक्रिया अदा करता हूं।”