कांग्रेस पार्टी की भारत जोड़ो यात्रा चल रही है और इस यात्रा का नेतृत्व कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और सांसद राहुल गांधी कर रहे हैं। भारत जोड़ो यात्रा इस वक्त तेलंगाना में है और यात्रा के 52 दिन पूरे हो चुके हैं। रविवार को तेलंगाना में यात्रा के दौरान राहुल गांधी के साथ कुछ बच्चे भी उनके साथ पदयात्रा में शामिल हुए। इस दौरान राहुल गांधी ने अपने साथ चल रहे छोटे बच्चों के साथ दौड़ लगाई, जिससे पार्टी कार्यकर्ताओं में जोश भर गया।

कांग्रेस पार्टी ने अपने ट्विटर हैंडल से इस वीडियो को पोस्ट भी किया और सोशल मीडिया पर लोगों की प्रतिक्रिया भी सामने आ रही है। इसके साथ ही भारत जोड़ो यात्रा से जुड़ी हुई अन्य तस्वीरें भी कांग्रेस के ट्विटर हैंडल से पोस्ट की गई हैं। कांग्रेस ने लिखा, “अन्याय और नफरत के खिलाफ हमें आवाज उठानी होगी। हम भारत को यूं बिखरने नहीं देंगे।”

बता दें कि तेलंगाना से पहले राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा आंध्र प्रदेश और कर्नाटक में थी। कर्नाटक ने यात्रा के दौरान राहुल गांधी ने बीजेपी पर जमकर निशाना साधा और कर्नाटक सरकार पर 40% कमीशन लेने का आरोप भी लगाया। अभी भी राहुल गांधी लगातार कर्नाटक सरकार पर 40% कमीशन लेने का आरोप लगा रहे हैं। शनिवार को राहुल गांधी ने ट्वीट कर कर्नाटक की बीजेपी सरकार पर निशाना साधा और कहा कि सरकार 40% कमीशन तो लेती ही है, साथ ही दिवाली पर मिठाई के डिब्बों में कर्नाटक मीडिया को रिश्वत भी भिजवाती है।

राहुल गांधी ने ट्वीट करते हुए बीजेपी पर निशाना साधा था। उन्होंने लिखा था, “चुनाव के पहले न खाऊंगा, न खाने दूंगा।चुनाव के बाद – ‘40% कमीशन’ खाऊंगा, फिर दिवाली पर मिठाई के डब्बों में कर्नाटक मीडिया को रिश्वत भिजवाऊंगा। ‘PayCM’ और ‘PayPM’ की भाजपा सरकार, पूरे देश में ‘डबल इंजन’ का भ्रष्टाचार।”

बता दें कि शनिवार को कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा की शुरुआत राहुल गांधी ने पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ के तेलंगाना के धर्मपुर से शुरू की थी। इस बीच राहुल गांधी शनिवार को तेलंगाना में कलाकारों के साथ पारंपरिक नृत्य करते नजर आए। इस दौरान पार्टी के कई नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे और वह भी उत्साहित नजर आए।