नये कृषि कानून को वापस लेने की मांग को लेकर किसानों का विरोध प्रदर्शन जारी है। इस बीच कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने अंबानी-अदानी का नाम लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। राहुल गांधी ने ट्वीट करते हुए लिखा कि ‘अदानी-अंबानी कृषि क़ानून’ रद्द करने होंगे। और कुछ भी मंज़ूर नहीं!’ राहुल गांधी किसानों के मुद्दे पर लगातार केंद्र की मोदी सरकार को घेर रहे हैं।

इधर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल सिंघु बॉर्डर पहुंचे। सिंघु बॉर्डर पर बड़ी संख्या में किसान नई कृषि नीति का विरोध करने के लिए जमा हुए हैं। केजरीवाल ने यहां पहुंचकर कहा कि, हम शुरू से किसान आंदोलन के साथ खड़े हैं। मैं किसानों की मांग से सहमत हूं। मुझे लगता है उनकी सभी मांग जायज है। सरकार को उनकी बात माननी चाहिए। मैं आज यहां मुख्यमंत्री बनकर नहीं आया। मैं यहां उनका सेवक बनकर आया हूं। मैंने यहां की व्यवस्था भी देखी है। कुछ पानी की दिक्कत है। उसे ठीक कर लिया जाएगा। भारत बंद पर दिल्ली के सीएम ने कहा कि ‘हम भारत बंद का समर्थन कर रहे हैं। आप के सभी कार्यकर्ता को इसमें शांतिपूर्वक शामिल रहना है। हम इस बंद को सफल बनाएंगे।’

बता दें कि केंद्र सरकार से कई दौर की वार्ता विफल होने के बाद किसानों ने अब 8 दिसंबर को भारत बंद बुलाने का ऐलान कर दिया है। किसानों के इस भारत बंद को कई दलों ने समर्थन दिया है। कांग्रेस, समाजवादी पार्टी, PAGD, NCP, CPI, CPM, CPI (ML), RSP, RJD, DMK,और AIFB ने बयान जारी कर किसानों की मांग पूरी करने और कृषि कानून 2020 में संशोधन की मांग की है। बयान में कहा गया है कि हम किसानों के साथ खड़े हैं, किसान संगठनों के मौजूदा संघर्ष और उनके भारत बंद के ऐलान का हम समर्थन करते हैं।

इधर किसानों के आंदोलन पर प्रतिक्रिया देते हुए केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने कहा कि ‘किसान आंदोलन के नेताओं ने साफ-साफ कहा है कि राजनीतिक लोग हमारे मंच पर नहीं आएंगे। हम उनकी भावनाओं का सम्मान करते हैं…लेकिन ये सभी कूद रहे हैं, क्योंकि इन्हें भाजपा और नरेन्द्र मोदी का विरोध करने का एक और मौका मिल रहा है।’