कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी अपने इस्तीफे की जिद पर अड़े हुए हैं तो दूसरी तरफ पार्टी नेता कार्यकर्ता उन्हें मनाने में जुटे हुए हैं। राहुल से इस्तीफे की पेशकेश वापस लेने के लिए एक कार्यकर्ता ने मंगलवार (2 जुलाई 2019) को दिल्ली में खुदकुशी की कोशिश की। कार्यकर्ता की पहचान अभी उजागर नहीं हुई है।

कार्यकर्ता ने कांग्रेस मुख्यालय के बाहर एक पेड़ के सहारे खुदकुशी की। इस दौरान उसने मीडिया से कहा ‘राहुल गांधी अपना इस्तीफा वापस लें वर्ना में मैं फांसी लगा लूंगा।’ हालांकि मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों और लोगों ने उन्हें बचा लिया।

वहीं दूसरी तरफ कई कांग्रेसी नेता अनिश्चितकालीन हड़ताल पर बैठे चुके हैं। हड़ताली नेताओं ने राहुल गांधी से इस्तीफा वापस लेने का आग्रह किया है। कांग्रेस कार्यकर्ता जिनमें से अधिकांश ने शुक्रवार (28 जून 2019) को पार्टी के विभिन्न पदों से इस्तीफा दे दिया था वे सभी पार्टी मुख्यालय में इकट्ठा हुए हैं। एआईसीसी सचिव महेंद्र जोशी, नसीब सिंह और दिल्ली के कार्यकारी अध्यक्ष राजेश लिलोठिया, शोभा ओझा, जगदीश टाइटलर सहित अन्य नेता पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ हड़ताल पर बैठे हैं।

राजेश लिलोठिया ने बताया ‘हम हड़ताल पर बैठे हैं क्योंकि हम चाहते हैं राहुल पद पर बने रहें। चुनावों में पार्टी की हार की जिम्मेदारी सभी नेताओं की है न कि सिर्फ पार्टी अध्यक्ष की। लेकिन भविष्य में राहुल गांधी जो भी फैसला लेंगे हम (कांग्रेस पार्टी) उसका सम्मान करेंगे।’ वहीं शोभा ओझा ने कहा ‘पार्टी के अभी जो भी हालात हैं उन्हें राहुल के नेतृत्व में ही सुधारा जा सकता है।’

मालूम हो कि राहुल गांधी ने 25 मई को कांग्रेस वर्किंग कमेटी में अपने इस्तीफे की पेशकश की थी। उन्होंने इस दौरान पार्टी नेताओं से कहा था कि वह किसी अन्य नेता को कांग्रेस अध्यक्ष चुनें। उन्होंने कहा था कि उनकी बहन और पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी को अध्यक्ष के लिए न चुना जाए। राहुल ने कहा था कि अध्यक्ष गांधी परिवार से नहीं होना चाहिए। हालांकि कांग्रेस वर्किंग कमेटी ने अबतक उनका इस्तीफा स्वीकार नहीं किया है।