Congress President Election Results: कांग्रेस पार्टी के नए अध्यक्ष के परिणाम से पहले बुधवार (19 अक्टूबर, 2022) को राहुल गांधी ने आंध्र प्रदेश में एक प्रेस वार्ता के दौरान अनजाने (जुबान फिसल जाने के कारण) में खड़गे को पार्टी का अध्यक्ष बता दिया था, जबकि ठीक उसी वक्त दिल्ली में कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष के परिणाम को लेकर मतगणना चल रही थी। इसके बमुश्किल एक घंटे बाद मल्लिकार्जुन खड़गे को प्रचंड जीत के साथ कांग्रेस अध्यक्ष चुना गया। उन्होंने तिरुवनंतपुरम से सांसद शशि थरूर को हराया।
वहीं कांग्रेस के केंद्रीय चुनाव समिति के अध्यक्ष मधुसूदन मिस्त्री ने दावा किया है कि कई नेता बैलेट पेपर पर पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी का नाम ही लिखकर चले आए, जबकि वो विकल्प भी नहीं था। मिस्त्री ने कहा कि कुछ लोग बैलेट पेपर्स पर राहुल गांधी का ही नाम लिख आए। उन्होंने कहा कि जिन वोटों को अमान्य करार दिया गया है, उनमें खामिया थीं। मधुसूदन मिस्त्री ने कहा कि इन पर किसी ने नाम लिख दिया था या साइन कर दिया था।
मिस्त्री ने कहा कि बैलेट पेपर में मल्लिकार्जुन खड़गे और शशि थरूर के नाम लिखे थे। मतदाताओं को अपनी पसंद के उम्मीदवार के आगे सही का चिह्न लगाना था, लेकिन कई नेताओं के मन में राहुल गांधी ही बसे थे। विकल्प न होने के बाद भी राहुल गांधी का नाम ही बैलेट पेपर लिख आए।
मधुसूदन मिस्त्री ने चुनाव में गड़बड़ी के आरोपों पर भी जवाब दिया। उन्होंने कहा कि शशि थरूर और उनके समर्थकों को जवाब दे दिया गया है और वे इससे संतुष्ट हैं। शशि थरूर ने चुनाव में अपनी हार भी स्वीकार कर ली है और मल्लिकार्जुन खड़गे को बधाई भी दी है।
वहीं भारत जोड़ो यात्रा के दौरान आंध्र प्रदेश में मीडिया से बात करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि मैं अपनी और न ही कांग्रेस के अध्यक्ष की भूमिका के बारे में कुछ कह सकता हूं। वह काम (मल्लिकार्जुन) खड़गे साहब का है। मेरी भूमिका क्या होगी वह अध्यक्ष तय करेंगे।
राहुल गांधी ने कहा कि हर कोई कांग्रेस में चुनाव के बारे में सवाल पूछता है। मुझे गर्व है कि कांग्रेस ने खुले और पारदर्शी चुनाव कराए हैं। भाजपा और अन्य क्षेत्रीय दलों सहित अन्य पार्टियों के चुनाव में किसी की दिलचस्पी क्यों नहीं है?। बता दें, खड़गे को 17 अक्टूबर को कांग्रेस के प्रतिनिधियों द्वारा डाले गए 9,385 वोटों में से थरूर के 1,072 के मुकाबले 7,897 वोट मिले।