कांग्रेस नेता राहुल गांधी की जब से सांसदी छिनी थी, उन पर तमाम तरह की मुसीबतों का पहाड़ टूट गया। उसी कड़ी में उन्हें अपना बंगला भी छोड़ना पड़ गया था। लेकिन अब बताया जा रहा है कि कांग्रेस नेता को जल्द ही उनका नया ठिकाना मिलने जा रहा है। वे दिल्ली की पूर्व सीएम शीला दीक्षित के आवास पर रहने वाले हैं। अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है, लेकिन माना जा रहा है कि राहुल वहीं पर शिफ्ट होने जा रहे हैं।
राहुल गांधी ने बंगला क्यों छोड़ा था?
जानकारी के लिए बता दें कि मोदी सरनेम मामले में राहुल गांधी को बड़ा झटका लगा था। गुजरात कोर्ट ने उन्हें दोषी माना था और उनकी सांसदी भी छीन ली गई थी। असल में प्रदीप मोदी ने अपनी अर्जी में आरोप लगाया था कि 23 अप्रैल 2019 को लोकसभा चुनाव के दौरान राहुल गांधी जब रांची में चुनावी सभा को संबोधित करने आए थे, तब उन्होंने मोदी सरनेम वाले लोगों पर टिप्पणी की थी, जिससे पूरे समाज की भावनाएं आहत हुई।
शीला दीक्षित से क्या कनेक्शन?
उसी याचिका पर सुनवाई करते हुए सूरत कोर्ट ने राहुल गांधी को दोषी माना था। अभी तक कांग्रेस नेता को हाई कोर्ट से भी इस मामले में राहत नहीं मिली है और उन्होंने सुप्रीम कोर्ट का रुख कर लिया है। वहीं दूसरी तरफ कहा जा रहा है कि वे अब पूर्व सीएम शीला दीक्षित के दिल्ली वाले निवास पर रह सकते हैं। बताया जा रहा है कि साल 1991 से 1998 तक शीला दीक्षित उसी बंगले में रही थीं। बाद में साल 2015 में वे दोबारा वहां शिफ्ट हो गई थीं।
कैसा है शीला का बंगला?
वैसे जिस बंगले में राहुल शिफ्ट हो सकते हैं, वो तीन रूम, एक हॉल और एक किचन वाला है, यानी कि 3BHK। अभी वर्तमान में राहुल अपनी मां सोनिया गांधी के साथ रह रहे थे। लेकिन अब आने वाले दिनों में वे साउथ दिल्ली के इस आलीशान बंगले में रह सकते हैं।