कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार पर जमकर निशाना साध उसे किसान विरोधी करार दिया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर न खाऊंगा और न खाने दूंगा के वादे पर भी घेरते हुए कहा कि अब वे अपना वादा भूल गए हैं। उनका कहना है कि मोदी सरकार ने एक साल में ही कांग्रेस को इतने मुद्दे दे दिए जो किसी ने सपने में भी नहीं सोचे थे।
कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी गुरुवार को दो दिन के राजस्थान के दौरे पर आए हैं। उन्होंने अपने दौरे की शुरुआत श्रीगंगानगर और हनुमानगढ़ जिलों से की। राहुल गांधी ने गुरुवार को ही खोतावाली से करीब 9 किलोमीटर की पदयात्रा कर किसानों और ग्रामीणों से सीधा संवाद भी किया। उनके दौरे में प्रदेश के तमाम बड़े कांग्रेसी नेता मौजूद रहे। पदयात्रा शुरू करने से पहले कांग्रेस उपाध्यक्ष ने पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं से मुलाकात में राजस्थान की वसुंधरा सरकार को भी जमकर आड़े हाथों लिया। पदयात्रा शुरू करते हुए उन्होंने भूमि अधिग्रहण बिल पर केंद्र की मोदी सरकार की जमकर आलोचना की।
उन्होंने किसानों को भरोसा दिया कि कांग्रेस पार्टी हमेशा उनके साथ है। उनका कहना था कि किसानों को जब भी परेशानी होगी कांग्रेस उनके साथ साए की तरह खड़ी होगी। किसान की एक इंच जमीन भी नहीं जाने दी जाएगी। मोदी सरकार और भाजपा ने एक साल में ही कांग्रेस को इतने मुद्दे दे दिए जो सपने में भी नहीं सोचे थे। उनका कहना था कि जमीन, भ्रष्टाचार और व्यापमं के मुद्दों ने ही मोदी के वादे भुला दिए।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं से संवाद कार्यक्रम में राहुल गांधी ने प्रदेश की भाजपा सरकार को भी आरोपों के घेरे में लिया। उनका कहना था कि प्रदेश में सरकार की ओर से स्कूल बंद किए जा रहे हैं। कांग्रेस सरकार ने कई योजनाएं शुरू की थीं जैसे मुफ्त दवा योजना। भाजपा सरकार इसे बंद कर रही है। कांग्रेस ने आदिवासियों की मदद की योजनाएं भी शुरू की थीं। भाजपा सरकार इस काम को भी आगे नहीं बढ़ा रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सिर्फ राजस्थान में ही नहीं पूरे देश में भाजपा सरकार से लड़ेगी और एक-एक कर हर गलत काम को रोकेगी। उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा कि केंद्र में भी मोदी सरकार है, राजस्थान में भी मिनी मोदी की सरकार है। उनका इशारा ललित मोदी की तरफ था जिनकी मदद के विवादों में मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे भी आरोपों में फंस गई थीं।
राजस्थान में कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी के दौरे से पार्टी कार्यकर्ताओं में खासा जोश पनप गया है। उनकी गुरुवार को हुई पदयात्रा में प्रदेश के तमाम कांग्रेसी नेता एकजुट रहे। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सचिन पायलट के साथ ही पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने हनुमानगढ़ जिले में राहुल गांधी के साथ पदयात्रा में हिस्सा लिया। कांग्रेस सूत्रों ने बताया कि पदयात्रा में लोगों ने बढ़-चढ़ कर राहुल गांधी को अपनी समस्याओं की जानकारी दी। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पायलट ने लोगों को भरोसा दिया कि भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ सड़कों पर संघर्ष किया जाएगा। राहुल गांधी का यहां पहुंचने पर जोरदार स्वागत किया गया। राहुल गांधी शुक्रवार को जयपुर में कांग्रेस के बड़े सम्मेलन में शामिल होंगे। इसमें कांग्रेस के जिला स्तर के पदाधिकारियों के साथ पंचायत और निकायों के जनप्रतिनिधि भी हिस्सा लेंगे। प्रदेश कांग्रेस ने जयपुर में राहुल गांधी के कार्यक्रमों की बड़े स्तर पर तैयारियां की हैं।