भूमि अधिग्रहण को लेकर तीखी आलोचना करने के लिए कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी पर परोक्ष निशाना साधते हुए केंद्रीय मंत्री व भाजपा के वरिष्ठ नेता कलराज मिश्र ने मंगलवार को उन पर लोगों को भ्रमित करने के लिए झूठ फैलाने और इस प्रक्रिया में स्वयं ही भ्रमित हो जाने का आरोप लगाया।
उन्होंने राहुल गांधी का नाम लिए बिना कहा कि कांगे्रस के एक नेता देशभर में घूम रहे हैं और भूमि विधेयक को लेकर लोगों व किसानों को भ्रमित कर रहे हैं। पार्टी के पास कोई मुद्दा नहीं है। नेता गोएबल का सिद्धांत अपना रहे हैं कि झूठ को सौ बार दोहराया जाए तो वह सत्य बन जाता है।
मिश्र ने यहां पत्रकारों से कहा कि इस मामले में लोगों को भ्रमित करने के बाद वह स्वयं ही भ्रमित हो गए हैं। मैं नेता का नाम नहीं लेना चाहता। उन्होंने विपक्षी दलों पर फर्जी मुद्दे उठाने का आरोप लगाया, भले ही वह श्रम कानून संशोधन, भूमि अधिग्रहण विधेयक हो या योग। मिश्र ने कहा कि उनके पास उठाने के लिए कोई मुद्दा नहीं है और वे केवल फर्जी मुद्दे उठा रहे हैं। श्रम कानूनों में प्रस्तावित संशोधनों के बारे में एक सवाल पर सूक्ष्म, लघु व मध्यम उद्यम मंत्री ने कहा कि वह किया जाएगा।
योग का विरोध विशेषकर मुसलिमों की तरफ से किए जाने पर केंद्रीय मंत्री कलराज मिश्र ने कहा कि इसमें कोई धर्म शामिल नहीं है। यह स्वास्थ्य का विषय है। पार्टियां इसे राजनीतिक मुद्दा बना रही हैं। उनको सकारात्मक सोच रखनी चाहिए क्योंकि योग लोगों को जोड़ता है। यह भौतिकवाद व अध्यात्मवाद का मेल है। भाजपा और सरकार में होने के कारण मैं पूरी जिम्मेदारी लेता हूं और कह रहा हूं कि 125 करोड़ लोग एक हैं और एकजुट हैं।
अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के बारे में उन्होंने कहा कि भले ही यह भाजपा के घोषणा पत्र में है, लेकिन पहली प्राथमिकता विकास और देश में आधारभूत ढांचे को बेहतर बनाने की है। बिहार में राजद-जद (एकी) के बीच गठबंधन के बारे में पूछने पर उन्होंने कहा कि वे लोकसभा चुनाव में बुरी तरह पराजित हुए थे और विधानसभा चुनाव में भी उनकी यही नियति रहेगी। मैंने बिहार का दौरा किया है और लोग भाजपा को सत्ता में लाना चाहते हैं। भाजपा को पूर्ण बहुमत मिलेगा।