अमेरिका राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत पर 25 फीसदी टैरिफ लगाया है। उसको लेकर देश में हलचल है। इस बीच नेता विपक्ष राहुल गांधी ने मोदी सरकार पर निशाना साधा और ट्रंप के एक बयान को सही ठहराया है। राहुल गांधी ने कहा कि पीएम मोदी और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को छोड़कर सभी जानते हैं कि भारत एक डेड इकोनामी है। उन्होंने कहा कि प्रेसिडेंट ट्रंप सही कह रहे हैं।

राहुल गांधी ने ट्रंप को ठहराया ‘सही’

राहुल गांधी ने यह भी कहा कि अमेरिका के साथ व्यापार समझौता ट्रंप की ही शर्तों पर होगा और पीएम मोदी वही करेंगे, जो अमेरिकी राष्ट्रपति कहेंगे। राहुल गांधी ने कहा कि भाजपा के राज में भारत की अर्थव्यवस्था बर्बाद हो चुकी है। राहुल गांधी तो ट्रंप को सही ठहरा रहे हैं लेकिन कांग्रेस के ही कई बड़े नेता मोदी सरकार के साथ खड़े दिख रहे हैं।

शशि थरूर ने क्या कहा?

कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने कहा , “यह एक चुनौतीपूर्ण बातचीत है। हम कई देशों के साथ बातचीत कर रहे हैं। सिर्फ़ अमेरिका ही बातचीत नहीं कर रहा है। यूरोपीय संघ के साथ हमारी बातचीत चल रही है, हमने ब्रिटेन के साथ एक समझौता कर लिया है और हम दूसरे देशों से भी बात कर रहे हैं। अगर हम अमेरिका में प्रतिस्पर्धा नहीं कर सकते, तो हमें अमेरिका के बाहर अपने बाज़ारों में विविधता लानी पड़ सकती है। हमारे पास कोई विकल्प नहीं है। अगर अमेरिका अपनी मांगों को लेकर पूरी तरह से अनुचित है, तो हमें कहीं और जाना होगा। यही भारत की ताकत है। हम चीन की तरह पूरी तरह से निर्यात पर निर्भर अर्थव्यवस्था नहीं हैं। हमारे पास एक अच्छा और मजबूत घरेलू बाज़ार है। हमें अपने वार्ताकारों को सबसे अच्छा सौदा ढूंढ़ने के लिए मज़बूत समर्थन देना चाहिए। अगर कोई अच्छा सौदा संभव नहीं है, तो हमें पीछे हटना पड़ सकता है।”

Piyush Goel on Trump Tarrif: ट्रंप के 25 फीसदी टैरिफ पर केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल का लोकसभा में पहला बयान

ट्रंप गलत बोले रहे- राजीव शुक्ला

कांग्रेस सांसद राजीव शुक्ला ने कहा, “ट्रंप का यह कहना कि भारत और रूस की अर्थव्यवस्थाएं खत्म हो गई हैं, गलत है। भारतीय अर्थव्यवस्था खत्म नहीं हुई है। पीवी नरसिम्हा राव और मनमोहन सिंह के कार्यकाल में आर्थिक सुधार किए गए थे। अटल बिहारी वाजपेयी ने उन सुधारों को आगे बढ़ाया। मनमोहन सिंह ने 10 साल में इसे मज़बूत किया। मौजूदा सरकार ने भी इस पर काम किया है। हमारी आर्थिक स्थिति बिल्कुल कमज़ोर नहीं है। अगर कोई दावा करता है कि वो हमें आर्थिक रूप से खत्म कर सकता है, तो शायद ये गलतफहमी की वजह से है। ट्रंप भ्रम में जी रहे हैं। टैरिफ लगाना गलत है। हर देश को अपनी मर्ज़ी से व्यापार करने का हक है। उन पर पाबंदी लगाना, ब्रिक्स के खिलाफ बोलना, रूस से व्यापार और आयात के खिलाफ बोलना, ये ठीक नहीं है।”

मुझे उम्मीद है कि सरकार धैर्य बनाए रखेगी- कार्ति चिदंबरम

कांग्रेस सांसद कार्ति चिदंबरम ने कहा, “ट्रंप कोई पारंपरिक राजनेता नहीं हैं। कूटनीति के सामान्य प्रोटोकॉल और संबंधों के सामान्य नियम काम नहीं करते। वह बहुत अपरंपरागत हैं। हमें उन्हें वैसे ही रहने देना चाहिए जैसे वे हैं। हमें तुरंत घबराना नहीं चाहिए। ये सभी बातचीत के शुरुआती चरण हैं। मुझे उम्मीद है कि सरकार धैर्य बनाए रखेगी, बातचीत जारी रखेगी और अमेरिका के साथ समझौता करेगी।”

मनीष तिवारी क्या बोले?

कांग्रेस सांसद मनीष त‍िवारी ने X पर लिखा, “डोनाल्ड ट्रंप ने शायद 1947 से चली आ रही भारत की स्‍ट्रैटज‍िक ऑटोनॉमी को अब तक की सबसे बड़ी श्रद्धांजलि दी है। भारत के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू ने गुटनिरपेक्षता की नीति लागू की, जिसे आज मल्टी-अलाइनमेंट कहा जाता है। फ‍िर प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने उसे आत्‍मन‍िर्भरता के साथ आगे बढ़ाया और आज भारत आत्‍मनिर्भर कहा जा रहा है। ये वे रणनीतिक सिलसिले हैं जो भारत को दुनिया से अपनी शर्तों पर और अपने सर्वोच्च राष्ट्रीय हित में जुड़ने की लचीलापन देते हैं। क्या डोनाल्ड ट्रंप की टैरिफ की धमकी उस स्‍ट्रैटज‍िक ऑटोनॉमी को कोई फर्क पहुंचाएगी, जिसे हमने दशकों से और अलग-अलग सरकारों के तहत बनाया है? बिल्कुल नहीं।”

कांग्रेस के बड़े नेता शशि थरूर, मनीष तिवारी, राजीव शुक्ला और कार्ति चिदंबरम के बयान से साफ लग रहा है कि वो राहुल गांधी के लाइन से अलग बयान दे रहे हैं।