संसद के मानूसन सत्र में अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा के दूसरे दिन कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने अपना भाषण दिया। राहुल के भाषण के बाद केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने कांग्रेस सांसद पर गंभीर आरोप लगाया। केंद्रीय मंत्री ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी ने सदन से बाहर जाते हुए फ्लाइंग किस का इशारा किया। इसके बाद जमकर बवाल हुआ और अब राहुल गांधी के खिलाफ आधिकारिक शिकायत दर्ज करायी गई। आरोप-प्रत्यारोप के दौर के बीच दिल्ली महिला आयोग की प्रमुख स्वाति मालीवाल ने भी इस मसले पर अपनी प्रतिक्रिया दी है।

DCW अध्यक्ष स्वाति मालीवाल ने कहा कि एक फ्लाइंग किस से इतनी आग लग गई, तब क्यों नहीं लगी थी जब बृजभूषण ने यौन उत्पीड़न किया था। स्वाति मालिवाल ने ट्विटर पर लिखा, “हवा में फेंकी हुई एक फ्लाइंग किस से इतनी आग लग गई। दो पंक्ति पीछे एक आदमी बृजभूषण बैठा हुआ था, जिसने ओलंपियन पहलवानों को कमरे में बुलाकर छाती पर हाथ रखा और यौन शोषण किया। तब आपको उसके करे हुए पर गुस्सा क्यों नहीं आया?”

बृज भूषण सिंह का किया जिक्र

स्वाति मालीवाल भारतीय कुश्ती महासंघ के निवर्तमान प्रमुख और भारतीय जनता पार्टी के सांसद बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ ओलंपिक पदक विजेता बजरंग पुनिया और साक्षी मलिक सहित छह पहलवानों की ओर से लगाए गए यौन उत्पीड़न के आरोपों का जिक्र कर रही थीं।

राहुल गांधी के फ्लाइंग किस पर बवाल

दरअसल, बुधवार को अपने भाषण के बाद राहुल गांधी जब सदन से बाहर जाने लगे, तभी बीजेपी सांसद पूछने लगे कि वो बाहर क्यों जा रहे हैं। तब राहुल पीछे मुड़े और सत्ता पक्ष की ओर फ्लाइंग किस उछाल दिया और सदन से बाहर निकल गए। जिसके बाद भाजपा की महिला सांसदों ने आरोप लगाया कि पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष ने उनकी तरफ देखकर ‘फ्लाइंग किस’ का इशारा किया। राहुल गांधी के फ्लाइंग किस पर बीजेपी की महिला सांसदों ने स्पीकर से शिकायत की। उन्होंने मांग की कि CCTV फुटेज के आधार पर कार्यवाई की जाए।

राहुल गांधी पर 20 से अधिक महिला सांसदों ने हस्ताक्षर कर एक शिकायत पत्र में यह आरोप लगाया गया कि उन्होंने अशोभनीय तरीके से व्यवहार किया, जिससे न केवल सदन में महिला सदस्यों की गरिमा का अपमान हुआ, बल्कि बदनामी भी हुई और इस प्रतिष्ठित सदन की गरिमा भी कम हुई है।