प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के लंदन में दिए बयानों पर चुप्पी तोड़ी है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा है कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि लंदन में भारत के लोकतंत्र पर सवाल उठे हैं। कर्नाटक विधानसभा से पहले भाजपा कर्नाटक में काफी सक्रिय दिखाई दे रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को एक बार फिर राज्य के दौरे पर मांड्या और हुबली-धारवाड़ पहुंचे हैं। 

उन्होने मांड्या में संबोधित करते हुए कहा “भारत न केवल सबसे बड़ा लोकतंत्र है बल्कि लोकतंत्र की जननी है। यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि लंदन में भारत के लोकतंत्र पर सवाल उठाए गए, कुछ लोग लगातार भारत के लोकतंत्र पर सवाल उठा रहे हैं”

मोदी की कब्र खोदने का सपना देख रही है कांग्रेस

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा “कांग्रेस मोदी की कब्र खोदने’ का सपना देख रही है। कांग्रेस मोदी की कब्र खोदने में व्यस्त है जबकि मोदी बेंगलुरु-मैसूर एक्सप्रेसवे बनाने और गरीबों के जीवन को आसान बनाने में व्यस्त हैं’

हुबली धारवाड़ प्रधानमंत्री मोदी ने कई प्रोजेक्ट्स का उद्घाटन किया। कर्नाटक दौरे पर पहुंचे प्रधानमंत्री मोदी ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए उनके लंदन में दिए बयान को लेकर कहा कि  यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि लंदन में भारत के लोकतंत्र पर सवाल उठाए गए। भारत के लोकतंत्र की जड़ें, हमारे सदियों के इतिहास से सींची गई हैं। दुनिया की कोई ताकत भारत की लोकतांत्रिक परंपराओं को नुकसान नहीं पहुंचा सकती।

प्रधानमंत्री मोदी ने इस दौरान कहा कि बीते 9 वर्षों में भाजपा सरकार की योजनाओं से करोड़ों गरीबों का जीवन आसान हुआ है। कांग्रेस के शासनकाल में गरीब को सुविधाओं के लिए सरकार के पास चक्कर लगाने पड़ते थे। अब भाजपा की सरकार गरीब के पास जाकर सुविधाएं दे रही है। पीएम ने कहा कि पहले इंफ्रास्ट्रक्चर का विकास अफसरशाही जरूरतों के आधार पर होता था। हम पीएम गति शक्ति मास्टरप्लान लेकर आए हैं ताकि जहां भी जरूरत हो वहां इंफ्रास्ट्रक्चर विकसित किया जा सके।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि धारवाड़ और उसके आसपास के घरों में सुरक्षित पेयजल पहुंचाने के लिए केंद्र और राज्य सरकारें मिलकर काम कर रही हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने धारवाड़ को लेकर कहा कि युगों से हमारे धारवाड़ की पहचान यात्रियों के लिए ‘गेटवे टाउन’ के रूप में रही है। इसने सभी का खुले दिल से स्वागत किया, उनसे सीखा और समृद्ध हुआ। धारवाड़ सिर्फ एक प्रवेश द्वार शहर नहीं है, बल्कि पूरे देश का प्रतिबिंब है।