मणिपुर से मुंबई तक की पूर्व से पश्चिम की अपनी भारत जोड़ो न्याय यात्रा के तीसरे दिन कांग्रेस नेता राहुल गांधी मंगलवार को नागालैंड पहुंचे। उनकी यात्रा को लेकर कांग्रेस महासचिव जय राम रमेश ने एक पोस्‍ट किया है। पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव जयराम रमेश ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट शेयर कर लिखा, “राहुल गांधी अचानक एक खेल स्टेडियम में रुके, जहां कोहिमा ग्राम खेल संघ ने एक सप्ताह की खेल प्रतियोगिता का आयोजन किया था। एसोसिएशन की शुरुआत 1944 में हुई थी! स्टेडियम में लगी शिलापट्ट में लिखा था- इंदिरा गांधी स्टेडियम का उद्घाटन 28 अक्टूबर 2003 को माननीय प्रधानमंत्री श्री ए.बी. वाजपेयी द्वारा किया गया है। इस शिलापट्ट के पीछे बने मंच पर राहुल गांधी सभा को संबोधित कर रहे थे।” जयराम रमेश ने मंच और शिलापट्ट की तस्वीर शेयर करके लिखा- “वो भी एक जमाना!” था।

कोहिमा में आम लोगों से की मुलाकात उनकी बातें सुनीं

भारत जोड़ो न्याय यात्रा के दौरान कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कहा, ”पिछले साल, हमने देश, विभिन्न संस्कृतियों, विभिन्न धर्मों, विभिन्न भाषाओं को एक साथ लाने के लिए कन्याकुमारी से कश्मीर तक भारत जोड़ो यात्रा की थी और हमारा एक दृष्टिकोण यह भी था कि हमें पूर्व से पश्चिम तक की यात्रा भी करनी चाहिए।” इस दौरान राहुल गांधी नागालैंड की राजधानी कोहिमा में स्थानीय लोगों से मुलाकात की और उनकी बातें सुनीं और उनके बारे में जानने की कोशिश की।

कांग्रेस नेता ने न्याय की लड़ाई को बताया यात्रा का लक्ष्य

राहुल गांधी ने कोहिमा में एक प्रेस कांफ्रेंस भी की। इस दौरान उन्होंने कहा, “यह भारत जोड़ो न्याय यात्रा है। इसका लक्ष्य सामाजिक न्याय, आर्थिक न्याय और राजनीतिक न्याय, मुद्दों को उठाने के बारे में है। हम मणिपुर से शुरू किए हैं। इसके पीछे एक सोच है, क्योंकि मणिपुर में भारी अन्याय किया गया है। पहली बार भारत के किसी राज्य में महीनों हिंसा चली है और पीएम और बीजेपी वालों ने वहां दौरा तक नहीं किया। हम तब नागालैंड गए। पीएम ने नागालैंड के लोगों से भी एक वादा किया। उस वादे को भी नहीं निभाया गया।”

इससे पहले लोकसभा चुनाव से कुछ महीने पहले कांग्रेस नेता राहुल गांधी रविवार को अपनी पूर्व से पश्चिम 6,713 किमी लंबी यात्रा शुरू की। पार्टी ने इसका नाम ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ का दिया है। मणिपुर से मुंबई तक 6,713 किलोमीटर की यात्रा 67 दिनों में 15 राज्यों के 100 लोकसभा क्षेत्रों, 110 जिलों को कवर करेगी। भारत जोड़ो न्याय यात्रा 20 मार्च को मुंबई में समाप्त होगी।