कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने पश्चिम बंगाल में अपनी भारत जोड़ो न्याय यात्रा के दौरान कांग्रेस नेताओं को एक बड़ा अल्टीमेटम दिया है। राहुल गांधी ने कहा है कि मिलिंद देवड़ा और हिमंता बिस्वा सरमा जैसे नेता कांग्रेस पार्टी छोड़ दें। राहुल का कहना है कि ऐसे नेता कांग्रेस पार्टी की विचारधारा से सहमत नहीं है। बता दें कि हिमंता ने 2014 में कांग्रेस छोड़ कर बीजेपी का दामन थाम लिया था और हाल ही में कांग्रेस के बड़े नेता मिलिंद देवड़ा ने भी कांग्रेस से इस्तीफा देकर एकनाथ शिंद गुट की शिवसेना जॉइन कर ली थी।
राहुल गांधी की न्याय यात्रा जब असम पहुंची थी, तो उस दौरान यात्रा के साथ बड़े विवाद जुड़ गए थे। इसके चलते राहुल समेत कांग्रेस के कई नेताओं के खिलाफ असम पुलिस ने केस भी दर्ज किया था। ऐसे में मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा और राहुल गांधी के बीच बयानबाजी भी हुई थी। राहुल ने हिमंता को देश का सबसे भ्रष्ट मुख्यमंत्री तक बताया था। अब उनका जिक्र करते हुए राहुल ने अपनी ही पार्टी के नेताओं को कड़ा संदेश दे दिया है।
राहुल गांधी ने गुरुवार को कांग्रेस के डिजिटल मीडिया योद्धाओं को संबोधित किया था। उन्होंने कहा था कि कांग्रेस पार्टी द्वारा अपनाए गए सिद्धांतों की रक्षा करने की अपनी प्रतिबद्धता पर जोर दिया है। उन्होंने कहा कि मैं चाहता हूं कि हिमंता और मिलिंद देवड़ा जैसे नेता पार्टी छोड़ दें। राहुल ने कहा कि हिमंता एक विशेष प्रकार की राजनीति से प्रेरित हैं, वह कांग्रेस पार्टी से कतई संबंधित है।
झारखंड है न्याय यात्रा का अगला पड़ाव
बता दें कि राहुल गांधी ने अपनी भारत जोड़ो न्याय यात्रा की शुरुआत 14 जनवरी को मणिपुर से की थी। यह न्याय यात्रा 25 जनवरी को असम से पश्चिम बंगाल पहुंची थी। अब राहुल की इस न्याय यात्रा का अगला पड़ाव झारखंड है। हालांकि उससे पहले ही झारखंड में सियासी संकट कांग्रेस के लिए मुसीबत बन गया है, क्योंकि हेमंत सोरेन की गिरफ्तारी के बाद वहां चंपई सोरेन मुख्यमंत्री बने हैं।
बीजेपी में जा चुके हैं कई बड़े कांग्रेसी नेता
गौरतलब है कि हिमंता बिस्वा सरमा 2014 के लोकसभा चुनाव से पहले बीजेपी में शामिल हुए थे। इसके अलावा पंजाब के पूर्व सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह ने 2022 में बीजेपी में चले गए थे। इसके अलावा ज्योतिरादित्य सिंधिया से लेकर सुनील जाखड़ से लेकर जितिन प्रसाद आरपीएन सिंह ने भी पिछले कुछ सालों में बीजेपी जॉइन की है। इनमें से ज्यादातर नेता ऐसे हैं, जिन्होंने लंबे वक्त तक राहुल गांधी की ही युवा टीम में काम किया था।