कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी अपनी भारत जोड़ो न्याय यात्रा के चरण के तहत इन दिनों बिहार में हैं। इस दौरान एक रैली को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि देश में नफरत का माहौल बनने के पीछे क्या कारण है? कांग्रेस की भारत जोड़ो न्याय यात्रा के दौरान कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कहा कि आपने मीडिया में कभी किसान या मजदूर का चेहरा देखा है?
राहुल गांधी ने बिहार के कैमूर में भारत जोड़ो न्याय यात्रा के दौरान एक सार्वजनिक सभा में कहा, “मीडिया हमारी बात नहीं दिखाता लेकिन पीएम मोदी 24 घंटे नजर आते हैं। यहां तक कि नीतीश कुमार को कभी-कभी देखा जा सकता है लेकिन मुझे और तेजस्वी को वहां कभी नहीं दिखाया जाएगा क्योंकि हम मीडिया के मालिक नहीं हैं। यह अमीरों का है, किसानों और मजदूरों का नहीं, हम उनके विचार सामने रखते हैं, इसलिए हमें मीडिया में जगह नहीं मिलती है.”
देश में नफरत का माहौल
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कहा, ”देश में नफरत का माहौल बनने के पीछे क्या कारण है? हमने किसानों, मजदूरों, बच्चों और युवाओं से पूछा. सभी ने कहा कि इसका कारण डर है। इस डर का कारण अन्याय है।” उन्होंने कहा, “हर दिन इस देश के हर कोने में अन्याय होता है। आर्थिक अन्याय, सामाजिक अन्याय, किसानों के साथ अन्याय, युवाओं के साथ अन्याय, महिलाओं के साथ अन्याय।”
‘राम मंदिर की प्राण-प्रतिष्ठा में सभी अमीर लोग थे’
कांग्रेस की भारत जोड़ो न्याय यात्रा के दौरान कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कहा, “आपने मीडिया में कभी किसान या मजदूर का चेहरा देखा है? आप सबने राम मंदिर की प्राण-प्रतिष्ठा देखी? क्या आपको उसमें गरीब, किसान, मजदूर दिखा? क्योंकि वो मजदूरी कर रहे थे। वो भूखे मर रहे थे। राम मंदिर की प्राण-प्रतिष्ठा में हिंदुस्तान के सभी अमीर लोग थे लेकिन एक गरीब, किसान या मजदूर नहीं दिखाई दिया।”
राहुल गांधी ने केंद्र पर साधा निशाना
राहुल गांधी ने अग्निवीर योजना को लेकर भी केंद्र पर निशाना साधा और कहा, ‘‘केंद्र ने सेना में दो श्रेणियां बनाई हैं। एक अग्निवीर और एक अन्य। अगर कोई अग्निवीर घायल हो जाए या शहीद हो जाए तो उसे न तो शहीद का दर्जा मिलेगा और न ही आवश्यक मुआवजा। यह भेदभाव क्यों।” राहुल ने आगे कहा कि उन्होंने सेना में दो श्रेणियां क्यों बनाई हैं?’’ उन्होंने कहा, ‘‘मैं आपको एक उदाहरण दे रहा हूं। मान लीजिए कि चार युवाओं को अग्निवीर के रूप में चुना गया है। चार साल के बाद चार में से तीन युवाओं को घर वापस भेज दिया जाएगा और उनमें से केवल एक को आगे रोजगार उपलब्ध कराया जाएगा, बाकी तीन लोग क्या करेंगे। क्या वे पकौड़े बेचेंगे?’’
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा पर बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा(HAM) नेता जीतन राम मांझी ने कहा, “उन लोगों ने तो INDI गठबंधन के नाम पर एक बेरोजी गठबंधन बनाने का काम किया था। जिस दिन पटना में बैठक हुई थी उस दिन नीतीश कुमार भी बहुत सदारत कर रहे थे। इनकी चिंता थी कि प्रधानमंत्री कौन बनेगा? नीतीश कुमार खुद NDA में चले आए, ममता बनर्जी का भी ऐसा ही हाल है। तेजस्वी यादव बेरोज़गार हो गए हैं, वे राहुल गांधी के साथ नहीं जाएंगे तो कहां जाएंगे?”