कांग्रेस नेता राहुल गांधी इन दिनों ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ को लेकर चर्चा में हैं। यात्रा ने सोमवार को किशनगंज से बिहार में प्रवेश किया। कांग्रेस की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष अखिलेश प्रसाद सिंह और पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेताओं ने बिहार में राहुल गांधी का स्वागत किया। भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ के तहत पश्चिम बंगाल से होते हुए बिहार पहुंचे गांधी ने कहा कि आरएसएस और भाजपा की विचारधारा ने देश में हिंसा और नफरत फैलाई है। वहीं, कांग्रेस नेता आचार्य प्रमोद कृष्णम ने अपनी ही पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि हम 2029 के चुनावों के लिए खुद को तैयार कर रहे हैं।
राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा पर तंज कसते हुए कांग्रेस नेता आचार्य प्रमोद कृष्णम ने कहा, ”कांग्रेस पार्टी में कुछ बहुत ही महान और बुद्धिमान नेता हैं। एक तरफ जहां सभी राजनीतिक पार्टियां 2024 के चुनाव के लिए कमर कस रही हैं, वहीं दूसरी तरफ पूरी कांग्रेस पार्टी राजनीतिक पर्यटन कर रही है, यात्रा कर रही है। दरअसल, हम 2024 के बाद यह पता लगाएंगे कि 2024 का चुनाव कैसे जीता जाए।” उन्होंने कहा कि ऐसा लगता है कि हम 2029 के चुनावों के लिए खुद को तैयार कर रहे हैं। अगर हम 2024 की तैयारी कर रहे होते, तो ऐसा नहीं होता।”
नीतीश कुमार ने गठबंधन का अंतिम संस्कार का दिया- आचार्य प्रमोद कृष्णम
गठबंधन पर कांग्रेस नेता आचार्य प्रमोद कृष्णम ने कहा, “इंडिया गठबंधन अपनी स्थापना के बाद से ही गंभीर बीमारियों से ग्रस्त रहा है। फिर वो आईसीयू में चला गया, जिसके बाद गठबंधन को वेंटिलेटर पर रखा गया। कल नीतीश कुमार ने उसका अंतिम संस्कार किया। अब INDIA गठबंधन का क्या होगा?”
भारत जोड़ो न्याय यात्रा का असम के मुख्यमंत्री से खूब प्रचार मिला- जयराम रमेश
वहीं, कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने कहा, “भारत जोड़ो न्याय यात्रा का हमें असम के मुख्यमंत्री से खूब प्रचार मिला। नीतीश कुमार के विश्वासघात के बाद किशनगंज और बिहार की जनता राहुल गांधी का स्वागत कर रही है। हमें बिहार के मुख्यमंत्री या असम के मुख्यमंत्री से कोई प्रमाणपत्र नहीं चाहिए। हमने सभी को निमंत्रण दिया है, हमने नीतीश कुमार को भी कहा था लेकिन वो तो गिरगिट निकले।”
‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ के तहत पड़ोसी राज्य पश्चिम बंगाल से होते हुए बिहार पहुंचे राहुल गांधी ने कहा कि आरएसएस और भाजपा की विचारधारा ने देश में हिंसा और नफरत फैलाई है। उन्होंने कहा, ‘‘हम नफरत के बाजार में मोहब्बत की दुकान खोलना चाहते हैं।”