कांग्रेस नेता राहुल गांधी जब से अमेरिका दौरे पर गए हैं, विवादों का सिलसिला लगातार जारी है। उनका हर बयान, हर मुद्दे पर उनके विचार इस समय देश की राजनीति में भूचाल लाने का काम कर रहे हैं। इस बीच कांग्रेस नेता और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी एक बार फिर विवादों में घिर गए हैं। अमेरिका में उन्होंने एक ऐसे नेता से मुलाकात की है जिस वजह से बीजेपी उन पर हमलावर है, दावा किया गया है कि राहुल गांधी ने देश विरोधी बात करने वाले लोगों से हाथ मिलाया है।

अमेरिका में राहुल गांधी ने किससे मिले?

असल में वॉशिंगटन डीसी में रेबर्न हाउस ऑफिस में एक मुलाकात हुई थी, उस बैठक में कई नेता शामिल हुए जिसमें अमेरिकी संसद इल्हान उमर भी दिखीं। उनके अलावा सीनेटर जोनाथन जैक्सन, रो खन्ना, सीनेटर राजा कृष्णमूर्ति जैसे नेताओं ने भी शिरकत की थी। लेकिन सारा विवाद इस बात को लेकर हो गया कि राहुल गांधी के साथ उस तस्वीर में इल्हान उमर भी शामिल रहीं।

लद्दाख में दिल्ली जितनी जमीन पर चीन ने कब्जा किया, राहुल गांधी का दावा

यह इल्हान उमर हैं कौन?

जानकारी के लिए बता दें कि इल्हान उमर एक अमेरिकी सांसद हैं, वह 2019 में चुनाव जीतकर आई थीं और डेमोक्रेटिक पार्टी से ताल्लुक रखती हैं। उनको लेकर कहा जाता है कि वे पहली अफ्रीकी शरणार्थी भी हैं। बड़ी बात यह है कि इस समय अमेरिकी संसद में जो दो मुस्लिम महिलाएं हैं, उनमें से एक खुद इल्हान ही हैं। अब इल्हान उमर को लेकर सारा विवाद इसलिए है क्योंकि समय-समय पर उन्होंने भारत के खिलाफ बयान दिए हैं। उन मुद्दों पर बात की है जिससे भारत नाराज हो सकता है। ऐसे कई उदाहरण हैं जब उनकी तरफ से भारत के खिलाफ बयानबाजी की गई है।

इसी कड़ी में 2022 में इल्हान उमर ने पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर का दौरा तक किया था। उस दौरे को पाकिस्तान ने खुद फंडिंग दी थी, उनके रहने से लेकर खाने का खर्चा पाकिस्तान की तरफ से उठाया गया था।

इल्हान उमर को भारत विरोधी क्यों बताया जा रहा?

हैरानी की बात यह है कि इल्हान उमर ने प्रधानमंत्री मोदी के खिलाफ बोलने से भी खुद को कभी रोक नहीं। जब अमेरिकी संसद में पीएम मोदी का भाषण होना था, वे इकलौती ऐसी अमेरिकी सांसद थीं जिन्होंने संबोधन का बहिष्कार करने का फैसला किया। एक नहीं कई मौकों पर उनकी तरफ से भारत को अल्पसंख्यक विरोधी भी बता दिया गया है। वे तो बाइडेन प्रशासन पर लगातार निशाना साधती रहती हैं और एक्शन की मांग करती है। उनका तर्क रहता है कि भारत में लंबे समय से मुसलमानों के खिलाफ एक अभियान चलाया जा रहा है, उस देश में मुस्लिम होना भी एक अपराध जैसा है।

बीजेपी ने राहुल गांधी पर क्या बोला?

अब इसी विवादित इतिहास की वजह से राहुल गांधी की इल्हान उमर से इस मुलाकात को घेरा जा रहा है। बीजेपी के तमाम नेता इस समय कांग्रेस को देश विरोधी बता रहे हैं। बीजेपी की राष्ट्रीय प्रवक्ता संजू वर्मा ने तो यहां तक कह दिया है कि एक कट्टरपंथी इस्लामिक इल्हान उमर से कोई ऐसा ही शख्स हाथ मिला सकता है जो सत्ता पाने के लिए बहुत ज्यादा उतावला हो। इसी कड़ी में भाजपा नेता निशिकांत दुबे ने भी बोला कि इल्हान उमर तो लगातार खालिस्तान और कश्मीर को अलग देश बनाने का समर्थन करती हैं और अब राहुल गांधी भी इस एजेंडे के लिए समर्थन जुटा रहे हैं।