कांग्रेस नेता राहुल गांधी केंद्र सरकार पर लगातार हमलवार रहे हैं। हाल के दिनों में उन्होंने लगातार ट्वीट कर सरकार से सवाल किया है। रविवार को उन्होंने ट्वीट किया कि भारत सरकार का सबसे कुशल मंत्रालय कौन सा है? इसी ट्वीट में उन्होंने आगे लिखा कि झूठ और फालतु नारे लगाने वाला गुप्त मंत्रालय।
बताते चलें कि इससे पहले कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने शनिवार को कहा था कि कोरोना वायरस महामारी में लगाए गए लॉकडाउन से पैदा हुई आर्थिक तंगी से निपटने के लिए महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) को मजबूती दी जानी चाहिए। उन्होंने ग्रामीण इलाकों में मनरेगा से लोगों को मदद मिलने से जुड़ी खबरों का हवाला देते हुए कहा कि इस समय जनहित सबकी जिम्मेदारी है।
कांग्रेस नेता ने ट्वीट किया था‘‘देश के कमज़ोर वर्ग को अबकी बार भी मनरेगा से राहत मिल रही है। लॉकडाउन से पैदा हुई आर्थिक तंगी से निबटने के लिए इस योजना को और मज़बूत करना ज़रूरी है। सरकार किसी की भी हो, जनता भारत की है और जनहित हमारी ज़िम्मेदारी है।’’
पेट्रोल एवं डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी के विरोध में भी शुक्रवार को उन्होंने ट्वीट कर विरोध जताया था। राहुल गांधी ने ट्वीट किया था, ‘‘जीडीपी गिर रही है। बेरोजगारी बेतहाशा बढ़ रही है। ईंधन की कीमतें आसमान छू रही हैं। आखिर भाजपा कितने तरीके से भारत को लूटेगी?’’
बताते चलें कि इससे पहले कांग्रेस नेता ने मांग की थी कि टीकाकरण केंद्र में बिना ऑनलाइन पंजीकरण के जाने वाले देश के प्रत्येक नागरिकों को टीका लगाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा था कि जिनके पास इंटरनेट नहीं है, उन्हें भी जीने का अधिकार है। राहुल गांधी ने ट्वीट में लिखा था कि वैक्सीन के लिए ऑनलाइन पंजीकरण ही काफी नहीं है। टीकाकरण केंद्र पर जाने वाले हर उस व्यक्ति को इसका लाभ मिलना चाहिए। जिनका ऑनलाइन पंजीकरण नहीं हुआ है। जिनके पास इंटरनेट नहीं है, उन्हें भी जीने का अधिकार है।

