राजस्थान के भरतपुर के पूर्व राजघराने में विवाद बढ़ता जा रहा है। कांग्रेस विधायक विश्वेंद्र सिंह के बेटे अनिरूद्ध सिंह ने पिता का विरोध किया है। उन्होंने सोशल मीडिया में पोस्ट कर पिता पर गंभीर आरोप लगाए हैं। अनिरूद्ध सिंह ने विधायक विश्वेंद्र सिंह को शराबी और हिंसक बताया है।
अनिरूद्ध सिंह ने बाद में अपना पोस्ट हटा लिया जिसमें उन्होंने लिखा था कि 6 सप्ताह से मैं अपने पिता के संपर्क में नहीं हूं। वो मां के प्रति हिंसक हैं, साथ ही शराबी हो गए हैं। उन्होने कर्ज ले लिया है। अनिरुद्ध ने लिखा कि मैंने और मेरे मां ने 30 साल मध्यमवर्गीय परिवार के मूल्यों का पालन किया है। 30 साल बहुत होते हैं। बताते चलें कि पिछले साल विश्वेंद्र सिंह ने सचिन पायलट के साथ मिलकर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के खिलाफ बगावत की थी।
गौरतलब है कि विश्वेंद्र सिंह ने अपने ट्विटर, फेसबुक सहित सभी सोशल मीडिया अकाउंट बंद कर दिया है। अपने ट्विटर हैंडल से मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और कांग्रेस के खिलाफ किए गए ट्वीट से वो नाराज थे। उनका ट्विटर उनके पुत्र अनिरूद्ध सिंह ही चलाते थे।
अनिरूद्ध सिंह ने कुछ दिन पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बीजेपी के समर्थन में कई ट्वीट किए थे। जिसके बाद पिता पुत्र में विवाद बढ़ने लगा था। पारिवारिक विवाद के बीच विधायक विश्वेंद्र सिंह ने राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत से भी मुलाकात की थी। कुछ लोगों का मानना है कि अनिरुद्ध सिंह आरएसएस के संपर्क में हैं। बहुत जल्द वो बीजेपी का दामन थाम सकते हैं। ट्विटर पर भी उन्होंने पीएम मोदी का एक वीडियो पिन ट्वीट कर रखा है।
गौरतलब है कि अपने पिता के खिलाफ बगावत का ऐलान करने वाले अनिरुद्ध सिंह की सोशल मीडिया पर कई यूजर्स आलोचना कर रहे हैं। लोगों की आलोचना के बाद अनिरुद्ध ने ट्वीट डिलीट कर दिया। लेकिन उनके द्वारा ट्वीट डिलीट किये जाने के बाद भी राजपरिवार की कलह सार्वजनिक हो गयी।