Punjab Police: पंजाब पुलिस ने बुधवार को मोहाली में अनशन कर रहे किसान कार्यकर्ता जगजीत सिंह डल्लेवाल और किसान मजदूर मोर्चा के प्रमुख सरवन सिंह पंधेर के साथ-साथ अन्य प्रमुख आंदोलनकारियों को उस समय हिरासत में ले लिया। इस दौरान किसानों और सुरक्षा बलों के बीच झड़प हुई, जब किसान खनौरी और शंभू सीमा बिंदुओं की ओर मार्च करने की कोशिश कर रहे थे। इन दोनों स्थानों पर किसान 13 फरवरी 2024 से प्रदर्शन कर रहे थे। जानकारी के मुताबिक शंभू और खनौरी दोनों स्थानों पर लगभग 3000 पुलिस कर्मी तैनात किए गए हैं।

किसानों और पुलिस के बीच झड़प के बाद, खनौरी सीमा और आसपास के संगरूर और पटियाला जिलों में इंटरनेट सेवाएं निलंबित कर दी गई हैं। इसके अलावा भी पंजाब के कई इलाकों में इंटरनेट सेवाएं निलंबित कर दी गई हैं।

शंभू बॉर्डर पर किसानों द्वारा बनाए गए बैरिकेड्स को पुलिस ने बुलडोजर से तोड़ दिया है। किसान नेताओं को हिरासत में लिए जाने के खिलाफ अमृतसार-दिल्ली हाईवे पर बने टोल प्लाजा को किसानों ने जाम कर दिया। उन्होंने कहा की लोगों से हमारी कोई दुश्मनी नहीं है। उनको परेशान नहीं करना है। बस कुछ टोल प्लाजा को जाम करना है और सरकार से अपना रोष प्रदर्शन जाहिर करना है।

पुलिस ने यह कदम तब उठाया जब वे चंडीगढ़ में केंद्र सरकार के प्रतिनिधिमंडल के साथ बैठक में शामिल होने के बाद लौट रहे थे। इसके साथ ही पुलिस ने शंभू और खनौरी सीमाओं से प्रदर्शनकारी किसानों को भी हटा दिया।

पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस सांसद चरणजीत सिंह चन्नी ने कहा, “किसानों पर साजिश के तहत हमला किया जा रहा है। सिर्फ पंजाब ही नहीं बल्कि पूरा किसान समुदाय आज बड़े हमले का सामना कर रहा है। आज (चंडीगढ़ में) एक बैठक हुई जिसमें तय हुआ कि अगले दौर की वार्ता 4 मई को होगी लेकिन उन (किसानों) पर पीछे से हमला किया गया और उन्हें धोखा दिया गया। सड़क सरकार ने रोकी है, किसानों ने नहीं. वे (किसान) दिल्ली आना चाहते हैं।

कार्रवाई पर पटियाला के एसएसपी नानक सिंह ने बताया कि किसान लंबे समय से शंभू बॉर्डर पर विरोध प्रदर्शन कर रहे थे। ड्यूटी मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में पुलिस ने उन्हें उचित चेतावनी देने के बाद इलाके को खाली करा दिया। कुछ लोगों ने घर जाने की इच्छा जताई। इसलिए उन्हें बस में बैठाकर घर भेज दिया गया।

एसएसपी ने बताया कि इसके अलावा, यहां के ढांचे और वाहनों को हटाया जा रहा है। पूरी सड़क को साफ कर यातायात के लिए खोल दिया जाएगा। हरियाणा पुलिस भी अपनी कार्रवाई शुरू करेगी. जैसे ही उनकी तरफ से रास्ता खुलेगा, हाईवे पर आवाजाही फिर से शुरू हो जाएगी। हमें कोई बल प्रयोग करने की जरूरत नहीं पड़ी, क्योंकि कोई विरोध नहीं हुआ। किसानों ने अच्छा सहयोग किया और वे खुद ही बसों में बैठ गए।

रूस-यूक्रेन जंग पर बड़ा अपडेट, पुतिन के बाद ट्रंप ने घंटेभर तक की जेलेंस्की से बात, सीजफायर पर सस्पेंस बरकरार

पंजाब पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि खनौरी से 250 से अधिक प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया गया, कुछ मोहाली से और 110 शंभू से हैं। उन्हें एक मैरिज हॉल में स्थानांतरित कर दिया गया। बुधवार की बैठक फरवरी 2024 के बाद से दोनों पक्षों के बीच सातवें दौर की वार्ता थी।

इस वार्ता के बाद केंद्रीय मंत्रियों ने एमएसपी के विवादास्पद मुद्दे पर गहन विचार-विमर्श के लिए विभिन्न हितधारकों के साथ बातचीत करने के लिए एक संयुक्त सचिव नियुक्त करने का फैसला किया है। बैठकों का अगला दौर 4 मई को निर्धारित है।

यह भी पढ़ें-

औरंगजेब का जन्म कहां हुआ था, उसके पिता ने क्यों किया था मुगल सम्राट जहांगीर के खिलाफ विद्रोह?

क्या सरकारी कर्मचारियों की रिटायरमेंट उम्र में बदलाव करने वाली है सरकार? लोकसभा में दी ये जानकारी