पंजाब विधानसभा चुनाव से कुछ ही दिन पहले मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी द्वारा यूपी, बिहार को लेकर दिए बयान पर राजनीतिक घमासान मचा हुआ है। अब इस पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पंजाब के बोहर में एक जनसभा को संबोधित करते हुए पलटवार किया है। उन्होंने कहा संत रविदास जी काशी में पैदा हुए और गुरु गोविंद सिंह जी बिहार के पटना साहिब में। क्या आप गुरू गोविंद जी को भी पंजाब से निकाल देंगे?

क्या कहा था सीएम चन्नी ने: बता दें कि बीते मंगलवार को पंजाब सीएम चरणजीत सिंह चन्नी ने एक चुनावी सभा में प्रियंका गांधी की मौजूदगी में बयान दिया था, “प्रियंका पंजाब की बहू हैं। वह हमारी पंजाबन है। इसलिए पंजाबियों, एकजुट हो जाओ। यूपी, बिहार और दिल्ली के भैया राज करना चाहते हैं यहां। लेकिन हम उन्हें पंजाब में प्रवेश नहीं करने देंगे।” बता दें कि इस दौरान प्रियंका गांधी भी मौजूद रहीं।

पीएम मोदी ने साधा निशाना: पीएम मोदी ने इस बयान पर कहा है कि कांग्रेस हमेशा से एक क्षेत्र के लोगों को दूसरे से लड़ाती आई है। यहां कांग्रेस के मुख्यमंत्री ने जो बयान दिया, जिस पर दिल्ली का परिवार उनके साथ खड़े होकर तालियां बजा रहा था, वो पूरे देश ने देखा। उन्होंने कहा कि अपने इन बयानों से ये लोग किसका अपमान कर रहे हैं। यहां का कोई ऐसा गांव नहीं होगा, जहां हमारे उत्तर प्रदेश या बिहार के भाई बहन मेहनत न करते हों।

पीएम मोदी ने कहा कि कल ही हमने संत रविदास जी की जयंती मनाई है। वो कहां पैदा हुए? उत्तर प्रदेश में, बनारस में। क्या आप संत रविदास जी को भी पंजाब से निकाल देंगे? गुरू गोविंद सिंह जी का जन्म कहां हुआ था? पटना साहिब, बिहार में। क्या आप गुरू गोविंद जी को भी पंजाब से निकाल देंगे? कैसी भाषा बोलते हो?

उन्होंने आप पर निशाना साधते हुए कहा कि ये झूठ बोलने के महारथी हैं। दिल्ली में प्रदूषण बढ़ता है तो ये पंजाब के किसानों को गाली देते हैं। दिल्ली में जाओ तो पंजाब के किसानों को गाली दो और यहां आओ तो किसानों को गले लगाने की बात करों। ये फरेब चलेगा क्या?

उन्होंने कहा कि इतिहास गवाह है कांग्रेस ने किसानों को हमेशा धोखा दिया है। स्वामीनाथन कमीशन की सिफारिशों को लागू करने की मांग सालों से थी, ये फाइल पर बैठ गए थे। कांग्रेस सरकारें झूठ पर झूठ बोलती रहीं। केंद्र में हमारी सरकार बनी तो हमने उन सिफारिशों को लागू करने का काम किया।

पीएम मोदी ने लोगों से अपील करते हुए कहा, “एक बार 5 साल मुझे मौका दीजिए। देश में इतने सारे राज्य हैं जब कांग्रेस एक बार गई तो फिर लौटकर नहीं आई, और जहां भाजपा को आशीर्वाद मौका मिला वहां तो कांग्रेस जड़मूल से समाप्त हो गई।”

पीएम ने कहा कि ये सामान्य चुनाव नहीं है। ये पंजाब के वर्तमान और भविष्य के लिए बहुत महत्वपूर्ण चुनाव है। 20 तारीख को पंजाब के लोगों को इनके अपराधों का हिसाब करना है।

राजनाथ सिंह बोले- जनता बर्दाश्त नहीं करेगी: पंजाब के अमृतसर में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि कांग्रेस लोगों को बांटकर सत्ता हासिल करना चाहती है,जब चन्नी ये बोल रहे थे तब प्रियंका गांधी वहीं पर थी, जनता इसे बर्दाश्त नहीं करेगी। कांग्रेस ने पंजाब को लूटा और दूसरा दिल्ली से आकर यहां सरकार बनाने का दावा कर रहा है।

केंद्र सरकार हर मोर्चे पर फेल: मनमोहन सिंह: जहां पीएम मोदी पंजाब विधानसभा चुनाव के मद्देनजर कांग्रेस राज्य सरकार पर हमलावर नजर आए तो वहीं देश के पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने मोदी सरकार को कई मोर्चों फेल बताया। उन्होंने कहा कि भाजपा सात साल से अधिक समय से केंद्र में हैं लेकिन समस्याओं के लिए वह अब भी देश के पहले पीएम जवाहरलाल नेहरू को दोषी ठहरा रही है।

पूर्व पीएम ने कहा कि देश महंगाई और बेरोजगारी से जूझ रहा है। दूसरी ओर साढ़े सात साल से सत्ता पर काबिज सरकार गलतियां मानने और सुधार के बजाय समस्याओं के लिए नेहरू को दोषी बता रही है। उन्होंने कहा, ‘‘कुछ दिन पहले पीएम मोदी की सुरक्षा के नाम पर सीएम चन्नी और राज्य के लोगों को बदनाम करने की कोशिश की गई।’’

उन्होंने कहा कि पंजाब और पंजाबियत को किसान आंदोलन के दौरान भी बदनाम करने का प्रयास किया गया। दुनिया पंजाबियों की बहादुरी, देशभक्ति और बलिदान को सलाम करती है, लेकिन मौजूदा केंद्र सरकार इस बारे में बात नहीं करती। उन्होंने आगे कहा, ‘‘पंजाब से नाता रखने वाला एक सच्चा भारतीय होने के नाते, ये सभी बातें मुझे बहुत दुखी करती हैं।’’