पंजाब विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी बाकी पार्टियों को पछाड़ मजबूती के साथ उभर कर आ सकती है। HuffPost-CVoter Survey के मुताबिक 117 सीटों में से आम आदमी पार्टी 94-100 सीटों पर कब्जा कर सकती हैं। इसके साथ ही पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल मुख्यमंत्री पद के लिए सबसे पसंदीदा चेहरा उभरकर आ रहे हैं। कांग्रेस के अमरिंदर सिंह इस रेस में दूसरे नंबर पर हैं। सर्वे में शामिल 59 फीसदी लोग चाहते हैं की केजरीवाल को पंजाब के मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित किया जाएगा। 51 फीसदी लोग अरविंद केजरीवाल को, 35 फीसदी अमरिंदर सिंह को और 7 फीसदी सुखबीर सिंह बादल को बतौर सीएम देखना चाहते हैं।
जहां फरवरी 2016 में किए गए सर्वे के मुताबिक आम आदमी पार्टी को 94-100 सीटें मिल रही हैं, वहीं अप्रैल 2015 में इसी एजेंसी द्वारा किए गए सर्व में इसे 83 से 89 सीटें मिल रही थीं। सर्वे के मुताबिक कांग्रेस 8 से 14 सीटों के साथ दूसरे नंबर पर रहेगी और भाजपा-अकाली दल गठबंधन 6 से 12 सीटों के साथ तीसरे नंबर पर रहेगा। पिछले साल सर्वे में कांग्रेस को 12 से 18 और भाजपा-अकाली दल गठबंधन को 13 से 19 सीटें दी गई थी। इसके साथ ही अगर आज के दिन चुनाव होते हैं तो 48 फीसदी लोग आम आदमी पार्टी को वोट देंगे।
Read Also: पंजाब चुनाव से पहले मायावती को झटका, 12 बसपा नेताओं ने थामा कांग्रेस का दामन
हालांकि, सर्वे में यह भी कहा गया है कि अगर अरिवंद केजरीवाल को बतौर सीएम पेश नहीं किया जाता है, तो पार्टी के प्रदर्शन पर असर पड़ सकता है। पहले चर्चा थी कि मनीष सिसोदिया को दिल्ली को सीएम बनाकर अरविंद केजरीवाल पंजाब की कमान संभालेंगे, लेकिन पार्टी के नताओं ने इससे इनकार किया है। ऐसे में पार्टी के पास पंजाब में पोपुलर चेहरा भगवंत मान बचते हैं। भगवंत मान को बेस्ट सीएम उम्मीदवार के रूप में 11 फीसदी लोगों ने पंसद किया है। पिछले साल यह आंकड़ा 26 फीसदी था।