कांग्रेस नेता और वायनाड से लोकसभा सांसद राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा उत्तर प्रदेश पहुंचने वाली है लेकिन उससे ठीक पहले पार्टी को बड़ा झटका लगा है। पार्टी महासचिव और राहुल की बहन प्रियंका गांधी वाड्रा अस्पताल में भर्ती हो गई हैं। अचानक तबीयत बिगड़ने के चलते राहुल की बहन को अस्पताल में भर्ती होना पड़ा है। उन्होंने खुद X पर एक पोस्ट के जरिए इससे जुड़ी जानकारी शेयर की है, साथ ही उन्होंने न्याय यात्रा में न शामिल हो पाने को लेकर दुख भी जताया है।
जानकारी के मुताबिक प्रियंका गांधी अब राहुल गांधी की यूपी भारत जोड़ो न्याय यात्रा की शुरुआत में शामिल नहीं हो पाएंगी। उन्होंने कहा है कि वे तबीयत ठीक होने के बाद इस भारत जोड़ो न्याय यात्रा में सम्मिलित होंगी। बता दें कि गुरुवार को राहुल गांधी की न्याय यात्रा बिहार के सासाराम में थी। इसके बाद यह मोहनिया होते हुए चंदौली के रास्ते यूपी में जाने वाली है। प्रियंका को चंदौली में ही न्याय यात्रा में शामिल होना था लेकिन अब तबीयत बिगड़ने के चलते यात्रा में शामिल नहीं हो पाएंगी।
गौरतलब है कि यूपी में कांग्रेस का सिमटता ग्राफ तेजी से गिर रहा है। इंडिया गठबंधन की उसकी साथी समाजवादी पार्टी ने उसे महज 11 सीटें देने पर ही सहमति जताई है। इसके चलते यह भी माना जा रहा था कि शायद राहुल की न्याय यात्रा की अवधि यूपी में घटा दी जाए लेकिन ऐसा नहीं हुआ है। इसको लेकर कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने कहा है कि यूपी में राहुल की न्याय यात्रा पहले से तय कार्यक्रम के तहत पूरे 8 दिन तक रहेगी। यात्रा के समय में किसी भी तरह की कोई कटौती नहीं की गई है।
अमेठी और रायबरेली भी जाएंगे राहुल गांधी
बता दें कि उत्तर प्रदेश में राहुल गांधी की न्याय यात्रा वाराणसी होते हुए लखनऊ और अमेठी और रायबरेली भी जाएगी। खास बात यह है कि राहुल अमेठी लोकसभा सीट से ही 2019 लोकसभा चुनाव में बीजेपी की कद्दावर नेत्री स्मृति इरानी से हार गए थे, इसके बाद वे अमेठी ज्यादा गए ही नहीं है। ऐसे में राहल का न्याय यात्रा के दौरान अमेठी जाना अहम माना जा रहा है। दूसरी ओर रायबरेली से लगातार सोनिया गांधी चुनाव लड़ती आई हैं लेकिन इस बार उन्होंने रायबरेली सीट छोड़ राज्यसभा के जरिए संसद जाने का निर्णय लिया है और राजस्थान से इसके लिए नामांकन भी दाखिल कर दिया है।
सोनिया की गैरमौजूदगी में माना जा रहा है कि रायबरेली लोकसभा सीट से 2024 के चुनावों में प्रियंका गांधी वाड्रा खड़ी हो सकती हैं। इसी लिए इन दोनों ही सीटों से होकर निकलने वाली राहुल गांधी की न्याय यात्रा कांग्रेस के लिए अहम है। इस अहम मौके से ठीक पहले प्रियंका की तबीयत खराब होना कांग्रेस पार्टी के लिए बड़ा सियासी झटका भी हो सकता है।