प्रियंका गांधी वाड्रा ने अपना लोधी एस्टेट स्थित सरकारी बंगला खाली कर दिया है और अब वह हरियाणा के गुरुग्राम में स्थित एक मल्टी स्टोरी अपार्टमेंट ब्लॉक अरालियाज में शिफ्ट हो गई हैं। इस अपार्टमेंट में प्रियंका गांधी का एक डूपलेक्स पेंटहाउस है। इस बिल्डिंग को डीएलएफ ने प्रमोट किया है और इसकी लग्जरी का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि डीएलएफ का कहना है कि यह बिल्डिंग ‘सभी ग्लोबल लग्जरी स्टैंडर्ट मानकों पर खरी उतरती है।’

प्रियंका गांधी और उनके पति रॉबर्ट वाड्रा ने कई साल पहले यह घर खरीदा था। बता दें कि इस घर का कवर्ड एरिया 10 हजार स्कवायर फीट है। परिसर में अरालियाज और मैग्नोलिया नामक दो टावर हैं। जिनके निवासी करीब 100 एकड़ में फैले दो गोल्फ कोर्स, एक क्लब, मल्टी कूजीन रेस्टोरेंट, 24X7 कंसर्ज सर्विस, एक सैलून, स्पा, स्कवैश कोर्ट, टेनिस कोर्ट और तीन स्वीमिंग पूल का आनंद ले सकते हैं।

गुरुग्राम के इस घर में प्रियंका गांधी के पड़ोसियों में डीएलएफ के मालिक केपी सिंह, हीरो साइकिल के एमडी पंकज मुंजाल, संजीव गुप्ता और क्रिकेटर शिखर धवन, सुहेल सेठ जैसी हस्तियां शामिल हैं।

द इंडियन एक्सप्रेस में छपे कूमी कपूर के आर्टिकल इनसाइड ट्रैक के अनुसार, चूंकि यह कॉम्पलेक्स काफी एक्सक्लूसिव है और यहां के निवासियों को वाड्रा की सुरक्षा व्यवस्था से परेशानी हो सकती है। बता दें कि प्रियंका गांधी को जेड-प्लस श्रेणी की सुरक्षा मिली हुई है। इसके अलावा कांग्रेस कार्यकर्ताओं का भी उनसे मिलना-जुलना लगा ही रहेगा।

बता दें कि सुरक्षा कारणों से प्रियंका गांधी को लोधी एस्टेट में सरकारी बंगला आवंटित था लेकिन अब जब उनसे एसपीजी सुरक्षा ले ली गई है तो उन्हें यह बंगला भी खाली करना पड़ा है। प्रियंका गांधी साल 1997 में इस बंगले में शिफ्ट हुई थीं। प्रियंका गांधी को अब जेड प्लस सुरक्षा मिली हुई है और इसके तहत सरकारी बंगला नहीं मिलता है। यही वजह है कि अब वह सरकारी बंगला खाली कर गुरुग्राम स्थित अपने डूपलेक्स पेंटहाउस में शिफ्ट हो गई हैं।

इससे पहले प्रियंका गांधी के लखनऊ में भी शिफ्ट होने की खबरें थीं। दरअसल प्रियंका गांधी इन दिनों यूपी की राजनीति पर फोकस किए हुए हैं और अक्सर अपने बयानों में यूपी की योगी सरकार को निशाने पर लेती रहती हैं। माना जा रहा है कि यूपी में कांग्रेस को फिर से मजबूत करने के लिए प्रियंका गांधी लखनऊ में एक घर लेने पर विचार कर रही है।