हाथरस गैंगरेप पीड़िता के परिजनों से मिलने जा रहे राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और अन्य कांग्रेसी नेताओं को डीएनडी फ्लाईओवर पर पुलिस द्वारा रोकने की कोशिश की गई। इस दौरान जमकर हंगामा हुआ। इसी हंगामे में पुलिस एक कांग्रेसी कार्यकर्ता पर लाठियां भांजने लगी तो प्रियंका गांधी उस कार्यकर्ता की ढाल बन गई। इस घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसे कांग्रेस पार्टी ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर शेयर किया है, जिसे काफी लोगों द्वारा देखा जा रहा है।
वीडियो में दिखाई दे रहा है कि प्रियंका गांधी को पुलिसकर्मी हाथरस जाने से रोकने में जुटे थे। तभी कुछ पुलिसकर्मियों ने एक कांग्रेसी कार्यकर्ता को घेर लिया। जैसे ही प्रियंका गांधी ने यह देखा तो वह बैरीकेड को गिराकर भीड़ से निकलकर उस कार्यकर्ता के पास पहुंच गई और उसे पुलिस से बचाया। इसके बाद उस कार्यकर्ता को गाड़ी में बिठाया गया और राहुल गांधी और प्रियंका गांधी ने उसका हालचाल पूछा।
बता दें कि काफी देर के हंगामे के बाद पुलिस ने राहुल गांधी, प्रियंका गांधी समेत अन्य कांग्रेस नेताओं को हाथरस जाने की अनुमति दे दी। हाथरस जाते समय रास्ते में मीडिया से बात करते हुए प्रियंका गांधी ने योगी सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि “वो समझ नहीं पा रही हैं कि सरकार ऐसा क्यों कर रही है।”
उन्होंने कहा कि “सरकार का कर्तव्य है कि पीड़ितों की मदद करे, उन्हें समर्थन दें। इतना खराब हादसा हुआ है उनकी बेटी के साथ फिर भी अगर हम उन्हें समर्थन नहीं दे सकते, उन्हें न्याय नहीं दिला सकते तो किस काम की है सरकार?”
There is no greater strength than a woman fighting for justice. #SatyagrahaForOurDaughters pic.twitter.com/WATQvJXvlv
— Congress (@INCIndia) October 3, 2020
देर शाम राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और कुछ कांग्रेसी नेता पीड़ित परिवार से उनके घर पर मिले और परिवार को सांत्वना दी। इस दौरान पीड़िता की मां ने प्रियंका गांधी के गले लगकर अपना दर्द बांटा। राहुल गांधी ने भी पीड़िता के परिजनों को इस मुश्किल वक्त में हिम्मत दी और मदद का भरोसा भी दिया।
बता दें कि इससे पहले गुरुवार को भी राहुल गांधी और प्रियंका गांधी ने हाथरस जाने की कोशिश की थी लेकिन उस वक्त पुलिस ने उन्हें बॉर्डर पर ही रोक लिया था। उस दिन भी खासा हंगामा हुआ था और पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच जमकर धक्कामुक्की हुई थी।
