कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने आज एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर उत्तर प्रदेश की योगी सरकार पर जमकर निशाना साधा। प्रियंका गांधी ने कहा कि ‘राज्य सरकार और यूपी पुलिस कई ऐसे कदम उठा रही है, जो कानूनी नहीं है और इनसे अराजकता फैल सकती है।’ प्रियंका गांधी ने कहा कि ‘CAA संविधान के खिलाफ है और जहां-जहां कांग्रेस की सरकार है, वहां CAA को लागू नहीं कराया जाएगा। वह हिंसा का समर्थन नहीं करती, लेकिन प्रदर्शन कर रहे बच्चों को भी गिरफ्तार किया गया।’ उन्होंने कहा कि ‘देश की आत्मा में हिंसा और बदले की जगह नहीं है।’

बता दें कि उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ ने CAA के विरोध में बीती 20 दिसंबर को भड़की हिंसा में सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वाले लोगों की संपत्ति जब्त करने की बात कही थी। उनके इस बयान पर प्रियंका गांधी ने कहा कि ‘योगी आदित्यनाथ का बयान बदला लेने वाला है। इतिहास में पहली बार किसी सीएम ने ऐसी टिप्पणी की है। उन्होंने कहा कि आरोप साबित होने के बाद ही दोषियों की संपत्ति जब्त की जाए। उन्होंने कहा कि भगवा हिंदू धर्म का प्रतीक है और हमारे धर्म में हिंसा की कोई जगह नहीं है।’

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान प्रियंका गांधी ने कहा कि मेरी सुरक्षा का मुद्दा बड़ा नहीं है और इस पर चर्चा करने की कोई जरूरत नहीं है। आज हम राज्य में लोगों की सुरक्षा का मुद्दा उठा रहे हैं।

बता दें कि संशोधित नागरिकता कानून के विरोध में उत्तर प्रदेश के कई शहरों में हिंसा भड़क गई थी। इस दौरान 19 लोगों की मौत हुई थी और बड़ी संख्या में लोग घायल हुए थे। बीती 28 दिसंबर को प्रियंका गांधी लखनऊ में हिंसा में मारे गए लोगों के परिजनों से मिलने पहुंची थी। इस दौरान प्रियंका गांधी ने यूपी पुलिस के अधिकारियों पर उनके साथ अभद्रता करने का आरोप लगाया था। हालांकि यूपी पुलिस ने इन आरोपों से इंकार किया था। इस मसले को लेकर खूब बयानबाजी भी हुई थी।