प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए शिवसेना (यूबीटी) सांसद संजय राउत ने रविवार को कहा कि अगर कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाराणसी से उनके सामने चुनाव लड़ती हैं तो चौंकाने वाले नतीजे सामने आ सकते हैं और पीएम मोदी के लिए यहां जीतना मुश्किल हो सकता है। 

संजय राउत ने कहा,“भारत में राजनीतिक स्थिति तेजी से बदल रही है और कांग्रेस को लोगों का समर्थन मिल रहा है। अगर कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाराणसी लोकसभा क्षेत्र से लड़ती हैं, तो पीएम मोदी के लिए चुनाव जीतना मुश्किल हो जाएगा और प्रियंका उन पर भारी पड़ सकती हैं।” 

आचार्य प्रमोद कृष्णम ने किया तंज 

शिवसेना (यूबीटी) नेता संजय राउत के इस बयान पर कांग्रेस नेता आचार्य प्रमोद कृष्णम ने प्रतिक्रिया दी है। आचार्य प्रमोद कृष्णम ने कहा कि शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे को चुनाव लड़ा दें तो वो भी जीत जाएंगे।  

संजय राउत ने 2014 के विधानसभा चुनाव से पहले गठबंधन तोड़ने के लिए शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे को दोषी ठहराने के लिए भी पीएम मोदी की आलोचना की।

संजय राउत ने कहा, “पीएम मोदी ने महाराष्ट्र के सांसदों की एक बैठक में कहा कि ठाकरे ने 2014 में गठबंधन तोड़ दिया था। वह झूठ बोल रहे हैं क्योंकि महाराष्ट्र में सभी जानते हैं कि तत्कालीन भाजपा नेता एकनाथ खडसे ने ठाकरे को फोन किया था और उन्हें गठबंधन तोड़ने के भाजपा के फैसले की जानकारी दी थी।”

क्या लोकसभा चुनाव लड़ेंगे प्रियंका गांधी? 

लोकसभा चुनाव करीब है। ऐसे में अटकलें लगाई जा रही हैं कि प्रियंका गांधी भी इस बार लोकसभा चुनाव लड़ेंगी। उनके पतिरॉबर्ट वाड्रा ने हाल ही में मीडिया से बात करते हुए कहा था कि प्रियंका गांधी को निश्चित रूप से लोकसभा में होना चाहिए। उनके पास सभी योग्यताएं हैं। वो बहुत अच्छी सांसद होंगी, उन्हें संसद में रहने की हक है। मुझे लगता है कि कांग्रेस पार्टी उन्हें स्वीकार करेगी और उनके लिए बेहतर योजना बनाएगी। अभी तक कांग्रेस पार्टी ने प्रियंका गांधी को लेकर ऐसी किसी भी तरह की घोषणा नहीं की है।